
देहरादून। उत्तराखंड शासन ने देर रात बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कई आईएएस और पीसीएस अधिकारियों के दायित्वों में बदलाव किया है। जारी आदेश के अनुसार कई महत्वपूर्ण पदों पर नई नियुक्तियां की गई हैं। इस फेरबदल में सबसे चर्चित नाम देहरादून के जिलाधिकारी सविन बंसल का रहा।

शासन ने सविन बंसल (IAS-2009) को देहरादून जिलाधिकारी पद से हटाते हुए सचिव नियोजन विभाग की नई जिम्मेदारी सौंपी है। इसके साथ ही उनसे स्मार्ट सिटी देहरादून के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) का अतिरिक्त प्रभार भी वापस ले लिया गया है।

सविन बंसल अपने कार्यकाल के दौरान देहरादून में स्मार्ट सिटी परियोजनाओं, ट्रैफिक सुधार, अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई और प्रशासनिक सख्ती को लेकर लगातार सुर्खियों में रहे। उनके नेतृत्व में शहर में कई बड़े प्रशासनिक फैसले लिए गए थे। अब शासन ने उन्हें सचिव स्तर की नई जिम्मेदारी देकर महत्वपूर्ण विभाग में तैनात किया है।
आशीष चौहान बने नए डीएम
वहीं, देहरादून के नए जिलाधिकारी के रूप में आशीष चौहान की नियुक्ति की गई है। आशीष चौहान (IAS-2012) को उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA) के CEO और खेल विभाग के निदेशक पद से हटाकर देहरादून का डीएम बनाया गया है।
इसके साथ ही उन्हें स्मार्ट सिटी देहरादून के CEO की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। शासन के इस फैसले को राज्य प्रशासन में बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।