नशे में यातायात बाधित करने और पुलिसकर्मियों से अभद्रता करना पड़ा भारी, व्यक्ति गिरफ्तार
शराब के नशे में सड़क पर हंगामा कर बाधित किया यातायात, पुलिस से अभद्रता के बाद आरोपी हिरासत में

देहरादून के थाना राजपुर क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर शराब पीकर वाहन चलाने, यातायात बाधित करने और पुलिसकर्मियों से अभद्रता करने वाले एक व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही आरोपी के वाहन को भी सीज कर दिया गया है। सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल होने के बाद एसएसपी ने मामले का संज्ञान लेते हुए थाना राजपुर पुलिस को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए थे। वहीं, परिजनों के अनुसार आरोपी लंबे समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ है और उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, वर्तमान में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत एसएसपी द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने और सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में 24 मई को ट्रैफिक कंट्रोल रूम से चौकी जाखन पुलिस को सूचना मिली कि जोहड़ी तिराहे पर एक कार चालक वाहन रोककर यातायात बाधित कर रहा है और ट्रैफिक ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों के साथ बदसलूकी कर रहा है।
सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और वाहन चालक का एल्कोमीटर टेस्ट कराया, जिसमें उसके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने वाहन को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत सीज कर दिया और आरोपी विनय कुमार, निवासी भिवानी, हरियाणा को गिरफ्तार कर लिया। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने थाना राजपुर प्रभारी को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।