देहरादून की राहत देती रातें अब छुड़ा रहीं पसीना, बढ़ता तापमान बना टेंशन
कभी ठंडी हवाओं के लिए मशहूर दून की रातों में बढ़ी गर्मी, शहरीकरण और मौसम में बदलाव को माना जा रहा वजह

उत्तर भारत में बढ़ती गर्मी का असर अब पहाड़ी इलाकों में भी साफ दिखाई देने लगा है। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून, जो कभी अपने खुशनुमा मौसम और ठंडी रातों के लिए जानी जाती थी, अब बदलते तापमान की चुनौती का सामना कर रही है। पहले गर्मियों के दिनों में तेज धूप के बावजूद शाम होते ही मौसम राहत देने लगता था और रातें ठंडी हवाओं के कारण आरामदायक महसूस होती थीं।
लेकिन अब स्थिति पहले जैसी नहीं रही। देहरादून में दिन के साथ-साथ रात के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मई और जून की रातों में गर्मी और चिपचिपाहट लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। ऐसे में दून का मौसम धीरे-धीरे उन शहरों जैसा महसूस होने लगा है, जहां गर्मी देर रात तक बनी रहती है।
40 डिग्री सेल्सियस पार पहुंचा दून का तापमान:
उत्तर भारत में पड़ रही भीषण गर्मी का असर अब पर्वतीय राज्यों में भी साफ दिखाई देने लगा है. देहरादून जैसे शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच रहा है. चिंता केवल बढ़ते अधिकतम तापमान की नहीं है, बल्कि उन रातों की भी है जो कभी राहत का एहसास कराती थीं. अब रात के समय भी तापमान में अपेक्षित गिरावट नहीं हो रही है. लोग देर रात तक गर्मी से परेशान रहते हैं
विशेषज्ञों का मानना है कि देहरादून की रातों में बढ़ती गर्मी के पीछे कई वैज्ञानिक और स्थानीय कारण जिम्मेदार हैं। अर्थ साइंस के पूर्व डीन प्रोफेसर एच.पी. भट्ट के अनुसार, पहले दिन और रात के तापमान में स्पष्ट अंतर देखने को मिलता था। दिन में तापमान बढ़ने के बावजूद रात के समय ठंडी हवाएं चलती थीं, जिससे मौसम में राहत महसूस होती थी और न्यूनतम तापमान नीचे चला जाता था।
हालांकि अब स्थिति बदल रही है। तापमान में बढ़ोतरी केवल दिन तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि रात का पारा भी लगातार ऊपर जा रहा है। अधिकतम तापमान के साथ न्यूनतम तापमान में हो रही वृद्धि के कारण रात के समय भी गर्मी का असर ज्यादा महसूस किया जा रहा है, जिससे लोगों को पहले जैसी राहत नहीं मिल पा रही।