एयरपोर्ट स्टेट गेस्ट हाउस में तैनात हेड कांस्टेबल की मौत, 11 राउंड फायरिंग से मचा हड़कंप
देहरादून के रानीपोखरी क्षेत्र में सरकारी कार्बाइन से ताबड़तोड़ फायरिंग के बाद हेड कांस्टेबल मृत मिले, पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जौलीग्रांट एयरपोर्ट स्थित स्टेट गेस्ट हाउस में तैनात हेड कांस्टेबल सुनील की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के दौरान उनकी सरकारी कार्बाइन से करीब 11 राउंड फायरिंग होने की बात सामने आई है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, हेड कांस्टेबल सुनील जौलीग्रांट एयरपोर्ट के स्टेट गेस्ट हाउस में ड्यूटी पर तैनात थे। सोमवार को अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद वह रानीपोखरी स्थित अपने घर पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि देर शाम अचानक उनके घर से लगातार गोलियों की आवाजें सुनाई दीं, जिससे आसपास के लोग घबरा गए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि फायरिंग की आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे तो सुनील गंभीर हालत में खून से लथपथ पड़े मिले। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि गोलियां सुनील की सरकारी कार्बाइन से चली हैं। हालांकि, यह मामला कई सवाल भी खड़े कर रहा है। पुलिस इस संभावना पर भी विचार कर रही है कि कहीं हथियार साफ करते समय गोली तो नहीं चली, लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है कि अगर यह महज हादसा था तो फिर एक-दो नहीं बल्कि करीब 11 राउंड फायरिंग कैसे हुई।
बताया जा रहा है कि घटना के समय सुनील अपने घर के बरामदे में मौजूद थे। पुलिस ने सरकारी कार्बाइन को कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है।
रानीपोखरी थाना पुलिस के मुताबिक, मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। आत्महत्या, हादसा या किसी अन्य कारण की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। एसएसआई नवीन डंगवाल ने बताया कि घटना रात के समय की है और गोली चलने के सही कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।