गदरपुर में बढ़ी सियासी हलचल, पावर सेंटर बना अरविंद पांडे का आवास
गदरपुर विधायक अरविंद पांडे की नाराजगी के बीच उनके आवास पर कुछ दिनों से भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की लगातार आवाजाही देखी जा रही है.

उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव की आहट के साथ ही राजनीतिक हलचल तेज होती दिखाई दे रही है। खासतौर पर ऊधमसिंह नगर जिले की गदरपुर विधानसभा इन दिनों राजनीतिक चर्चाओं का केंद्र बनी हुई है। पूर्व कैबिनेट मंत्री और गदरपुर विधायक अरविंद पांडे के आवास पर भाजपा नेताओं की लगातार बढ़ती आवाजाही ने प्रदेश की राजनीति में नए समीकरणों को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है।
प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दल अपनी रणनीतियों को धार देने में जुटे हैं। इसी बीच भाजपा के अंदर भी बैठकों और संगठनात्मक गतिविधियों का दौर तेज होता नजर आ रहा है। गदरपुर में हाल के दिनों में हुई कुछ अहम मुलाकातों ने राजनीतिक अटकलों को और हवा दे दी है।
सूत्रों के मुताबिक, गदरपुर विधायक अरविंद पांडे के आवास पर बीते कुछ दिनों से भाजपा के वरिष्ठ नेताओं का आना-जाना लगातार बना हुआ है। हाल ही में पौड़ी गढ़वाल से सांसद अनिल बलूनी ने भी उनके आवास पहुंचकर मुलाकात की। बताया जा रहा है कि दोनों नेताओं के बीच करीब आधे घंटे तक बंद कमरे में बातचीत हुई। हालांकि इस मुलाकात को लेकर किसी भी पक्ष की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
इस मुलाकात के बाद राजनीतिक गलियारों में कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। कुछ लोग इसे 2027 चुनाव की रणनीति से जोड़कर देख रहे हैं, तो कुछ इसे संगठनात्मक चर्चा का हिस्सा मान रहे हैं। हालांकि, जब तक पार्टी या नेताओं की ओर से कोई स्पष्ट बयान नहीं आता, तब तक इन चर्चाओं को केवल राजनीतिक अटकलें ही माना जा रहा है।