बदरीनाथ हाईवे पर हादसा: सड़क पर पलटा टेंपो ट्रैवलर, एक महिला तीर्थयात्री की मौत 17 यात्री घायल
उत्तराखंड में चारधाम यात्रा चरम पर है. वहीं यात्रा के दौरान सड़क हादसे भी सामने आ रहे हैं.

उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के बीच बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. जोशीमठ के समीप पैनी नामक स्थान पर गाजियाबाद से बदरीनाथ धाम जा रहा एक टेंपो ट्रैवलर वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया. हादसे के समय वाहन में चालक समेत 18 लोग सवार थे. दुर्घटना में एक महिला यात्री की मौत हो गई, जबकि 17 अन्य यात्री घायल हो गए.
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य चलाते हुए वाहन में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया. सभी घायलों को 108 एंबुलेंस एवं अन्य वाहनों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है. जानकारी के अनुसार गाजियाबाद से श्रद्धालुओं को लेकर बदरीनाथ धाम जा रहा टेंपो ट्रैवलर जोशीमठ के पास पैनी क्षेत्र में अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई
स्थानीय लोगों ने राहत कार्य में प्रशासन का सहयोग किया. चारधाम यात्रा के दौरान हुए इस हादसे ने एक बार फिर प्रशासन के पहाड़ी मार्गों पर हादसों को रोकने की कोशिश के दावों की पोल खोल दी है. वहीं प्रशासन ने यात्रियों से सुरक्षित यात्रा और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है.