उत्तराखंडदेहरादून

सचिव के आदेश पर मनमानी भारी, कार्यभार लेने को बीस दिनों से भटक रहे अधिशासी अभियंता

केंद्रीय भंडार में नियुक्ति के बावजूद कार्यभार ग्रहण नहीं कर पा रहे हरीश बंसल

उत्तराखंड जल संस्थान में अधिशासी अभियंता स्तर की तैनाती को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। पेयजल विभाग के सचिव एवं उत्तराखंड जल संस्थान के अध्यक्ष रणवीर सिंह चौहान द्वारा जारी आदेश के बाद भी अधिशासी अभियंता हरीश कुमार बंसल को नई जिम्मेदारी का कार्यभार नहीं मिल पाया है। मामला अब विभागीय गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।दरअसल 21 मई 2026 को जारी आदेश के अनुसार हरीश कुमार बंसल, जो पहले अधिशासी अभियंता, सतर्कता प्रकोष्ठ, देहरादून में तैनात थे, उनके पूर्व स्थानांतरण आदेश में संशोधन करते हुए उन्हें अधिशासी अभियंता (प्रभारी), केंद्रीय भंडार, उत्तराखंड जल संस्थान, देहरादून की जिम्मेदारी सौंपी गई। आदेश में उन्हें तत्काल प्रभाव से नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश भी दिए गए हैं।हालांकि, सूत्रों के अनुसार केंद्रीय भंडार का कार्यभार अभी तक हरीश बंसल को नहीं सौंपा गया है। बताया जा रहा है कि वहां पहले से अधिशासी अभियंता निशा गौतम कार्यरत हैं और कार्यभार हस्तांतरण को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है।

सूत्रों का कहना है कि निशा गौतम की तैनाती पूर्व में उत्तराखंड जल संस्थान के मुख्य महाप्रबंधक स्तर से किए गए आदेशों के आधार पर हुई थी। वहीं दूसरी ओर हरीश बंसल की नियुक्ति सचिव एवं संस्थान अध्यक्ष रणवीर सिंह चौहान द्वारा जारी आदेश के तहत की गई है। ऐसे में दोनों आदेशों के बीच तालमेल नहीं बन पाने से प्रशासनिक स्थिति उलझती दिखाई दे रही है।विभागीय सूत्रों के मुताबिक हरीश बंसल ने अपनी पूर्व तैनाती का कार्यभार छोड़ दिया है और नई जिम्मेदारी संभालने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। लेकिन केंद्रीय भंडार में उन्हें अब तक विधिवत कार्यभार नहीं मिल पाया है, जिससे वे प्रशासनिक रूप से असमंजस की स्थिति में हैं।
सूत्रों के हवाले से यह भी चर्चा है कि मामले को सुलझाने के लिए मुख्य महाप्रबंधक स्तर पर प्रयास किए गए। सूत्रों का दावा है कि संबंधित अधिशासी अभियंता को सचिव से बात करने के लिए उनके आवास पर भी भेजा गया था। बताया जाता है कि बिना पूर्व सूचना के आवास पर पहुंचने पर सचिव ने इस पर नाराजगी व्यक्त की। हालांकि इस संबंध में किसी भी अधिकारी की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।सूत्रों के अनुसार, विभाग के भीतर यह सवाल भी उठ रहा है कि जब संस्थान के अध्यक्ष एवं सचिव स्तर से आदेश जारी हो चुके हैं तो उनके अनुपालन में देरी क्यों हो रही है। वहीं कुछ अधिकारी इसे विभागीय समन्वय का विषय बता रहे हैं।
फिलहाल स्थिति यह है कि सचिव के आदेश के तहत केंद्रीय भंडार में तैनात किए गए हरीश कुमार बंसल कार्यभार ग्रहण करने की प्रतीक्षा में हैं, जबकि विभाग की ओर से इस पूरे प्रकरण पर कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है। ऐसे में अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि विभागीय स्तर पर इस गतिरोध का समाधान कब और कैसे निकाला जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!