
ऋषिकेश: उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले से आए एक प्रेमी जोड़े पर ऋषिकेश योगनगरी रेलवे स्टेशन में जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। प्रेम विवाह से नाराज पिता ने अपनी ही बेटी और दामाद पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में दामाद गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बेटी के हाथ में भी चोट आई है। पुलिस ने आरोपी पिता के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, लवी त्रिपाठी निवासी पूरे दीवान पहाड़गंज, लाला का पुरवा, थाना गौरीगंज, जिला अमेठी (उत्तर प्रदेश) ने जीआरपी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया कि उन्होंने अपनी मर्जी से सूरज शर्मा के साथ कोर्ट मैरिज की थी। इस विवाह से उनके पिता हर गोविंद त्रिपाठी नाराज चल रहे थे।
सोमवार तड़के करीब तीन बजे लवी त्रिपाठी, उनके पति सूरज शर्मा तथा परिवार के अन्य सदस्य कलिंग-उत्कल एक्सप्रेस से हरिद्वार से ऋषिकेश पहुंचे थे। यात्रा के दौरान सभी लोग योगनगरी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर आराम कर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान हर गोविंद त्रिपाठी ने अचानक सो रहे सूरज शर्मा और लवी त्रिपाठी पर चाकू से हमला कर दिया।
हमले में सूरज शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि बीच-बचाव के दौरान लवी त्रिपाठी के हाथ में भी चाकू लग गया। घटना के बाद रेलवे स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने घायल सूरज शर्मा को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं, प्राथमिक उपचार के बाद लवी त्रिपाठी की भी चिकित्सकीय जांच कराई गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पिता अपनी बेटी के प्रेम विवाह से नाराज था और इसी रंजिश के चलते उसने इस वारदात को अंजाम दिया। जीआरपी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच की जा रही है। स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि घटना से जुड़े सभी तथ्यों की पुष्टि की जा सके।