DehradunUttrakhandस्पोर्ट्स

देहरादून साइक्लिंग क्लब एवं सीबीआई की संयुक्त साइकिल रैली से दिया गया ‘भ्रष्टाचार मुक्त समाज’ और सतर्कता का संदेश

देहरादून साइक्लिंग क्लब एवं सीबीआई की संयुक्त साइकिल रैली से दिया गया

देहरादून, 1 नवम्बर 2026। सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अवसर पर देहरादून साइक्लिंग क्लब एवं केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI), भ्रष्टाचार निरोधक शाखा, देहरादून के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को सतर्कता जागरूकता सामुदायिक साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों, विद्यार्थियों एवं युवाओं को भ्रष्टाचार के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा समाज में ईमानदारी, पारदर्शिता, जवाबदेही और सत्यनिष्ठा के मूल्यों को बढ़ावा देना था।

रैली का शुभारंभ सीबीआई मुख्यालय, सीमाद्वार, देहरादून से हुआ। क्लब के उपाध्यक्ष मनिंदर सिंह ने रैली का फ्लैग ऑफ किया, साइकिल सवारों ने पंडितवाड़ी, प्रेमनगर, नंदा की चौकी, पौंधा, मझान, सैला होते हुए खाराखेत तक साइकिल यात्रा की और वापसी की। लगभग 35 किलोमीटर की इस जागरूकता यात्रा में करीब 32 साइकिल सवारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली का नेतृत्व वरिष्ठ साइकिल सवार सुरिंदर कुमार एवं जयन्ती प्रसाद गौड़ ने किया।

रैली के दौरान साइकिल सवारों ने स्वतंत्रता सेनानियों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा अपने व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक जीवन में सतर्क रहने, ईमानदारी अपनाने और भ्रष्टाचार के विरुद्ध सजग नागरिक की भूमिका निभाने की शपथ ली।

इस अवसर पर सीबीआई के डीआईजी श्री मनीष सुरती ने भ्रष्टाचार के विरुद्ध स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि भ्रष्टाचार किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने नागरिकों से सतर्कता गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने तथा अपने आसपास होने वाली भ्रष्ट गतिविधियों की जानकारी संबंधित अधिकारियों को देने का आग्रह किया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि भ्रष्टाचार के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के लिए जागरूक नागरिकों की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है।

सीबीआई के डीएसपी श्री अजय मिश्रा ने कहा कि सीबीआई विभिन्न शैक्षणिक एवं अन्य संस्थानों का दौरा कर रही है और आम नागरिकों तथा विद्यार्थियों को सतर्कता के प्रति जागरूक कर रही है। उन्होंने कहा कि समाज में भ्रष्टाचार की रोकथाम के लिए लोगों को जागरूक करना और उनमें नैतिक मूल्यों को विकसित करना आवश्यक है।

देहरादून साइक्लिंग क्लब के अध्यक्ष हरिसिमरन सिंह ने सीबीआई देहरादून एवं देहरादून साइक्लिंग क्लब को इस महत्वपूर्ण पहल के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त समाज अपने विकास, समानता और समृद्धि के लक्ष्यों को अधिक प्रभावी ढंग से प्राप्त कर सकता है। आज आवश्यकता ऐसे जागरूक नागरिकों की है, जो अपने व्यक्तिगत जीवन में ईमानदारी अपनाएं और भ्रष्टाचार के विरुद्ध अपनी जिम्मेदारी समझें।

उन्होंने आगे कहा कि देहरादून साइक्लिंग क्लब वर्ष 2013 से साइकिलिंग को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्वस्थ जीवनशैली, पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्त समाज, सड़क सुरक्षा एवं सामाजिक जागरूकता के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। क्लब भविष्य में भी जनहित से जुड़े अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाता रहेगा।

रैली में शामिल साइकिल सवारों एवं विद्यार्थियों ने अपने जीवन में सतर्क रहने, ईमानदारी एवं नैतिक मूल्यों का पालन करने, भ्रष्ट आचरण से दूर रहने तथा भ्रष्टाचार के विरुद्ध आवाज उठाने की शपथ ली। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि भ्रष्टाचार के विरुद्ध लड़ाई केवल जांच एजेंसियों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी भी इसमें आवश्यक है।

इस जागरूकता रैली में आदर्श चौहान, प्रणय पंत, चित्रांग, अनमोल चौधरी, मोहम्मद हारिस, आदर्श रावत, मनिंदर सिंह, हरिसिमरन सिंह, अमन, आरती, सुरिंदर कुमार, जयन्ती प्रसाद गौड़, रामपाल, अक्षय, चंदन, वैभव एवं यश सहित अन्य प्रतिभागियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम के माध्यम से आम नागरिकों से अपील की गई कि वे भ्रष्टाचार के प्रति उदासीन न रहें, अनैतिक गतिविधियों का विरोध करें तथा भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायतों एवं सूचनाओं को उचित आधिकारिक माध्यमों से संबंधित एजेंसी तक पहुंचाएं। नागरिकों को अपने व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक जीवन में सत्यनिष्ठा, ईमानदारी और जवाबदेही के मूल्यों को अपनाने के लिए भी प्रेरित किया गया।

रैली का संदेश स्पष्ट था—“जागरूक नागरिक, सतर्क समाज और भ्रष्टाचार मुक्त भारत।”

भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायतों एवं सूचनाओं के लिए

सीबीआई, भ्रष्टाचार निरोधक शाखा, देहरादून द्वारा उपलब्ध कराए गए संपर्क नंबर:

9410549158

7060366445

0135-2761799

अशोक खंडूरी
मीडिया सेल
देहरादून साइक्लिंग क्लब
देहरादून,

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!