
देहरादून, 17 जून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सुशासन, पर्यावरण संरक्षण और नियोजित शहरी विकास के विजन को धरातल पर उतारने की दिशा में मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने विकास कार्यों की गति तेज कर दी है। बुधवार को एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने अधिकारियों के साथ विभिन्न विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया और गुणवत्ता, समयबद्धता तथा जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सिटी फॉरेस्ट, आमवाला तरला आवासीय योजना, सहस्त्रधारा रोड स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड, कालसी घाट और धौलास में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माणाधीन परियोजनाओं का जायजा लिया गया। इस दौरान हरित विकास, आधुनिक सुविधाओं, ऊर्जा संरक्षण और अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त कार्रवाई पर विशेष जोर दिया गया।

सिटी फॉरेस्ट को बनाया जाएगा आकर्षक शहरी पार्क
सहस्त्रधारा रोड स्थित सिटी फॉरेस्ट का निरीक्षण करते हुए बंशीधर तिवारी ने इसे उत्तराखंड के सबसे आकर्षक शहरी पार्कों में विकसित करने की योजना पर चर्चा की। उन्होंने पुराने ट्री हाउस के नवीनीकरण, पैदल मार्गों के किनारे बारहमासी फूलों के रोपण, नदी तट पर बांस के पौधे लगाने, लोटस फाउंटेन विकसित करने और भारत माता मंदिर निर्माण के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान बताया गया कि पार्क में स्थापित 120 किलोवाट क्षमता का सौर ऊर्जा संयंत्र बिजली खर्च में लगभग 90 प्रतिशत तक की बचत कर रहा है, जो हरित ऊर्जा की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
जुलाई से शुरू होगा आमवाला तरला आवासीय योजना में कब्जा
रिकॉर्ड समय में तैयार की गई आमवाला तरला आवासीय योजना का निरीक्षण करते हुए उपाध्यक्ष ने जुलाई से लाभार्थियों को कब्जा सौंपने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने परिसर में पौधारोपण भी किया और छायादार एवं फलदार वृक्षों की संख्या बढ़ाने पर जोर दिया। साथ ही खुली पार्किंग को कवर करने और ड्रेनेज व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए ताकि भविष्य में जलभराव की समस्या न हो।
ट्रेंचिंग ग्राउंड में कचरे के वैज्ञानिक उपयोग की तैयारी
सहस्त्रधारा रोड स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड के निरीक्षण के दौरान ठोस अपशिष्ट के वैज्ञानिक पुनः उपयोग की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। इस संबंध में नगर निगम और स्मार्ट सिटी परियोजना के साथ संयुक्त बैठक आयोजित कर रणनीति तैयार की जाएगी, ताकि कचरे को संसाधन के रूप में विकसित किया जा सके।
जुलाई में होगा कालसी घाट का लोकार्पण
कालसी में यमुना नदी तट पर विकसित किए जा रहे घाट का निरीक्षण करते हुए कार्यों की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया गया। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए घाट पर मजबूत चेन लगाने, आसपास पौधारोपण करने और सभी शेष कार्य जुलाई तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को जल्द मिलेगा आशियाना
धौलास में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माणाधीन परियोजना का निरीक्षण करते हुए बताया गया कि 15 में से 10 टावरों का निर्माण पूरा हो चुका है। उपाध्यक्ष ने निर्देश दिए कि पूर्ण हो चुके टावरों में 30 जुलाई से लाभार्थियों को कब्जा देने की प्रक्रिया शुरू की जाए।
अवैध निर्माणों पर कार्रवाई रहेगी जारी
बंशीधर तिवारी ने कहा कि एमडीडीए केवल भवन निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, हरित ऊर्जा, आधुनिक शहरी सुविधाओं और सुव्यवस्थित विकास के नए मानक स्थापित करने की दिशा में कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि सिटी फॉरेस्ट, कालसी घाट और आवासीय योजनाओं जैसी परियोजनाएं आमजन की सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से विकसित की जा रही हैं। साथ ही अवैध प्लॉटिंग और निर्माण के खिलाफ कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी।
एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि सभी विकास परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है और उन्हें निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आवासीय योजनाओं में जल निकासी, हरित क्षेत्र, पार्किंग और अन्य बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है ताकि नागरिकों को बेहतर जीवन गुणवत्ता मिल सके।