धारचूला में महिला की बेरहमी से हत्या: कमरे में मिले खून के धब्बे और सने कपड़े, लिव-इन पार्टनर पर लगा आरोप
शव पर मिले गंभीर चोट के निशान; बेटे की तहरीर पर हत्या का मामला दर्ज, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

पिथौरागढ़: सीमांत जिले पिथौरागढ़ के धारचूला क्षेत्र अंतर्गत खोतिला में एक महिला की बेरहमी से हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। महिला का शव बाजार से करीब दो किलोमीटर दूर एक पैदल पुल के पास से बरामद किया गया। मृतका के सिर और शरीर पर चोट के गंभीर निशान पाए गए हैं। पुलिस ने मृतका के बेटे की शिकायत पर उसके लिव-इन पार्टनर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच और धरपकड़ शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मूल रूप से नेपाल निवासी 33 वर्षीय महिला पिछले तीन वर्षों से अपने पति से अलग होकर खोतिला निवासी एक युवक के साथ रह रही थी। घटना के बाद से आरोपी युवक मौके से फरार है। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जब घटनास्थल तथा कमरे की जांच की, तो फर्श, गद्दों और तकियों पर खून के गहरे धब्बे पाए गए। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्रित कर उन्हें जांच के लिए सुरक्षित कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, कमरे के भीतर हुई मारपीट के बाद हत्या कर शव को बाहर फेंकने की आशंका जताई जा रही है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है ताकि मौत के सटीक कारणों का पता चल सके। घटना के बाद से सीमांत क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है, जबकि धारचूला पुलिस की कई टीमें फरार आरोपी की संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।