
ऋषिकेश: गंगा नदी के किनारे बैठकर शराब पी रहे तीन पर्यटकों का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ स्थानीय युवा पर्यटकों को रोकते और गंगा के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व के बारे में समझाते हुए नजर आ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार यह घटना दो दिन पहले की बताई जा रही है। वीडियो में तीन पर्यटक गंगा नदी में बैठे दिखाई दे रहे हैं, जिनमें से एक व्यक्ति शराब के नशे में धुत नजर आ रहा है। उसके हाथ में शराब की बोतल और गिलास भी दिखाई दे रहा है। वीडियो में वह चलते समय लड़खड़ाते हुए भी नजर आ रहा है।
स्थानीय युवाओं ने पर्यटकों को गंगा नदी की पवित्रता और धार्मिक महत्व के बारे में बताते हुए यहां शराब पीने का विरोध किया। युवाओं ने कहा कि देवभूमि में आने वाले पर्यटकों का स्वागत है, लेकिन धार्मिक स्थलों और गंगा जैसी पवित्र नदी के सम्मान के साथ किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
युवाओं ने पर्यटकों को भविष्य में ऐसी गलती दोबारा न करने की चेतावनी दी और कहा कि गंगा किनारे शराब पीना स्थानीय लोगों की आस्था और भावनाओं से जुड़ा विषय है। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में भी इसको लेकर नाराजगी देखने को मिल रही है।