
देहरादून: भारतीय सेना की ताकत बढ़ाने के लिए उत्तराखंड में अत्याधुनिक रक्षा उपकरण तैयार किए जा रहे हैं। देहरादून समेत प्रदेश की आयुध फैक्ट्रियों में सेना के लिए नाइट विजन कैमरे बनाए जा रहे हैं, जिन्हें सेना की ‘विशेष आंख’ माना जा रहा है।
ये आधुनिक कैमरे रात के अंधेरे में भी साफ निगरानी करने और सैन्य अभियानों के दौरान सटीक लक्ष्य पहचानने में मदद करेंगे। इनकी मदद से जवान कम रोशनी वाले इलाकों में भी बेहतर तरीके से ऑपरेशन को अंजाम दे सकेंगे।
अंतरराष्ट्रीय स्तर की गुणवत्ता वाले इन नाइट विजन कैमरों को भारतीय सेना की जरूरतों के अनुसार तैयार किया जा रहा है। आयुध निर्माण क्षेत्र की कंपनी आईओएल (इंडियन ऑप्टेल लिमिटेड) इन कैमरों के निर्माण में अहम भूमिका निभा रही है।
रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से देश में ही ऐसे अत्याधुनिक उपकरणों का निर्माण किया जा रहा है। इन कैमरों के सेना में शामिल होने से निगरानी क्षमता और ऑपरेशनल तैयारियों को मजबूती मिलने की उम्मीद है।