
हरिद्वार: हरिद्वार के मंगलौर क्षेत्र में 18 हजार प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद होने के मामले में जांच एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई की है। 11 मई को हुई इस बरामदगी के बाद पुलिस और जांच एजेंसियों ने प्रतिबंधित दवाओं की तस्करी से जुड़े नेटवर्क की जांच शुरू की थी। मामले में मंगलौर थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया था।
जांच में सामने आया कि उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से उत्तराखंड में प्रतिबंधित MZ कैप्सूल की सप्लाई की जा रही थी। इस तस्करी नेटवर्क पर शिकंजा कसते हुए एसटीएफ और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की और मुजफ्फरनगर स्थित सिद्धबली फार्मा स्टोर के संचालक सचिन मनिहाल को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी प्रतिबंधित कैप्सूल को उसकी वास्तविक कीमत से कई गुना अधिक दामों पर बेचता था। जांच एजेंसियां अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, सप्लाई चैन और कैप्सूल की खरीद-फरोख्त के स्रोतों की जानकारी जुटा रही हैं।
एसटीएफ और एएनटीएफ की इस कार्रवाई को प्रतिबंधित दवाओं की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि नशीली और प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।