गोर्खाली सुधार सभा की शहर शाखा एवं जाखन शाखाका वार्षिक अधिवेशन

देहरादून। गोर्खाली सुधार सभा की शहर शाखा का वार्षिक अधिवेशन शाखा अध्यक्ष नरेश गुरूंग की अध्यक्षता में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में केंद्रीय अध्यक्ष पदम सिंह थापा, महामंत्री गोपाल क्षेत्री, उपाध्यक्ष पूजा सुब्बा चंद एवं मीडिया प्रभारी प्रभा शाह का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

अधिवेशन में शाखा अध्यक्ष ने विगत वर्ष के कार्यों तथा आय-व्यय का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। इस अवसर पर केंद्रीय अध्यक्ष पदम सिंह थापा ने मेधावी छात्राओं हिमानी क्षेत्री एवं निहारिका क्षेत्री को छात्रवृत्ति प्रदान की। वहीं शिक्षा के क्षेत्र में प्रोत्साहन हेतु सभा की ओर से दिव्या खत्री (पीएचडी छात्रा) को आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई।


इसी क्रम में गोर्खाली सुधार सभा की जाखन शाखा का वार्षिक अधिवेशन भी आयोजित किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय अध्यक्ष द्वारा मेधावी विद्यार्थियों जोनिता शर्मा, शौर्य थापा एवं वर्षा राई को छात्रवृत्ति प्रदान की गई। साथ ही ज्योति कोटिया (दर्जाधारी राज्यमंत्री एवं अध्यक्ष, गोरखा कल्याण परिषद) को शाखा की ओर से सम्मानित किया गया।दोनों कार्यक्रमों में शाखा पदाधिकारियों, अभिभावकों, मातृशक्ति एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।