उत्तराखंडदेहरादून

नगर आयुक्त ने एनसीएपी पाथवे परियोजनाओं का किया निरीक्षण, कार्यों में सुधार के निर्देश दिए

स्थलीय निरीक्षण के दौरान कार्यों की प्रगति का लिया जायजा, संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश

देहरादून। नगर निगम देहरादून के नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय ने गुरुवार को राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (NCAP) के अंतर्गत विकसित किए जा रहे पाथवे कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया । निरीक्षण के दौरान उन्होंने सहस्रधारा क्रॉसिंग से क्रिशाली चौक तथा लक्सुरिया फार्म से अजंता होटल तक निर्मित/निर्माणाधीन एनसीएपी पाथवे परियोजनाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने दोनों स्थलों पर किए गए कार्यों की गुणवत्ता, संरचनात्मक स्थिति, हरित विकास एवं नागरिक सुविधाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि कुछ स्थानों पर पाथवे की फिनिशिंग, इंटरलॉकिंग कार्य, हरित पट्टियों के विकास, पौधारोपण, सफाई व्यवस्था तथा सौंदर्यीकरण कार्यों में और सुधार की आवश्यकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पाथवे के किनारे अतिरिक्त पौधारोपण, लैंडस्केपिंग, उचित संकेतक (साइनेज), बैठने की व्यवस्था तथा नियमित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए ताकि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

सहस्त्रधारा क्रॉसिंग से क्रिशाली चौक तक के पाथवे कार्यों में पाई गई कमियों एवं कार्य की प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए नगर आयुक्त ने संबंधित ठेकेदार को तत्काल नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्य की गुणवत्ता एवं समयबद्धता से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य पूर्ण कराया जाए।
नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के अंतर्गत विकसित किए जा रहे ये पाथवे शहर में हरित अवसंरचना को बढ़ावा देने, पैदल यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करने तथा वायु गुणवत्ता में सुधार लाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागीय अधिकारी, अभियंता एवं परियोजना से जुड़े प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!