देहरादून में निहंगों का हंगामा: देर रात तक चली तनातनी, पुलिस ने पांवटा साहिब की ओर भेजा

देहरादून: चमोली के कर्णप्रयाग में निहंग सिखों और स्थानीय लोगों के बीच हुए विवाद के बाद गुरुवार को उत्तराखंड में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे निहंगों के जत्थे को देर रात पुलिस-प्रशासन ने वापस पांवटा साहिब की ओर भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, चंडीगढ़ से हिमाचल के रास्ते उत्तराखंड की ओर बढ़ रहे करीब 200 निहंग सिखों को पुलिस-प्रशासन ने विकासनगर क्षेत्र के कुल्हाल बैरियर पर रोकने का प्रयास किया था। इसके बाद पांवटा साहिब गुरुद्वारे में प्रशासन, पुलिस अधिकारियों और निहंग प्रतिनिधियों के बीच करीब दो घंटे तक वार्ता हुई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका।
वार्ता के बाद कुछ निहंग वापस लौट गए, जबकि करीब 20 से 30 निहंग कुल्हाल पुल पार कर उत्तराखंड सीमा की ओर बढ़ गए। इस दौरान पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोकने की कोशिश की, जिससे कई घंटे तक तनाव की स्थिति बनी रही।
इसके बाद कुछ निहंग देहरादून के धर्मावाला की ओर बढ़ने लगे। बताया गया कि कुछ लोग तलवारें लेकर जत्थे के साथ आगे बढ़ रहे थे। स्थिति को देखते हुए जिले की पुलिस और अतिरिक्त फोर्स को तैनात किया गया।
देर रात तक पुलिस और प्रशासन की निगरानी में स्थिति नियंत्रण में रही। बाद में सभी निहंगों को वापस पांवटा साहिब की ओर भेज दिया गया। प्रशासन ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बढ़ा दी है।