
देहरादून: उत्तराखंड में मानसून के पहुंचने से पहले गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। प्रदेश के मैदानी इलाकों से लेकर पहाड़ी क्षेत्रों तक तापमान में बढ़ोतरी के कारण उमस बढ़ गई है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन से चार दिनों में प्रदेश के कुछ हिस्सों में मानसून दस्तक दे सकता है। हालांकि इस बार मानसून के उत्तराखंड पहुंचने में करीब एक सप्ताह की देरी होने की संभावना जताई जा रही है।
शुक्रवार को प्रदेश के कई क्षेत्रों में तापमान बढ़ने से गर्मी और उमस का असर देखने को मिला। मैदानों में गर्म हवाओं और चिपचिपी गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ाई, वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में भी मौसम का असर महसूस किया गया।
मौसम विभाग ने आज प्रदेश में तेज हवाएं चलने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। लोगों को मौसम में होने वाले बदलाव को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।