
देहरादून के प्रिंस चौक स्थित चौहान मार्केट में सोमवार शाम एक कार एसेसरीज की दुकान में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी दुकान धुएं और लपटों से घिर गई। घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के व्यापारियों में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग की गंभीरता को देखते हुए कई दमकल वाहनों को मौके पर भेजा गया। दमकल कर्मियों ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और आसपास की दुकानों तक आग फैलने से रोक दिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग में दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, हालांकि शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय प्रशासन और फायर विभाग नुकसान का आकलन करने में जुटे हैं। व्यस्त बाजार क्षेत्र होने के कारण एहतियातन आसपास की दुकानों को भी खाली कराया गया था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।