DehradunUttrakhand

विश्व जूनोटिक रोग दिवस पर देहरादून साइक्लिंग क्लब की जागरूकता रैली, साइक्लिंग से दिया स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

प्रेमनगर से किमाड़ी तक निकली रैली, हल्की बारिश के बीच साइक्लिस्टों ने जूनोटिक रोगों के प्रति जागरूक रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का किया आह्वान

देहरादून, विश्व जूनोटिक रोग दिवस के अवसर पर देहरादून साइक्लिंग क्लब द्वारा जन-जागरूकता के उद्देश्य से एक विशेष साइक्लिंग रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ प्रातः प्रेमनगर चौक से हुआ, जो बल्लूपुर चौक, गढ़ी कैंट, सप्लाई चौक होते हुए किमाड़ी तक पहुँची।

 

इस अवसर पर क्लब के अध्यक्ष हरि सिमरन सिंह ने कहा कि विश्व जूनोटिक रोग दिवस का उद्देश्य उन बीमारियों के प्रति लोगों को जागरूक करना है जो पशुओं से मनुष्यों में फैलती हैं। उन्होंने बताया कि रेबीज़, बर्ड फ्लू, स्वाइन फ्लू, निपाह वायरस जैसी अनेक बीमारियाँ जूनोटिक रोगों की श्रेणी में आती हैं। इनसे बचाव के लिए स्वच्छता, पशुओं का समय पर टीकाकरण, पर्यावरण संरक्षण तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नियमित साइक्लिंग न केवल शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाती है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण कम करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

 

रैली के दौरान मौसम ने भी प्रतिभागियों का साथ दिया। हल्की बारिश ने पूरे सफर को और अधिक रोमांचक एवं आनंददायक बना दिया। बारिश की फुहारों के बीच साइक्लिस्टों ने प्रकृति का आनंद लेते हुए स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण एवं जागरूकता का संदेश दिया।

 

 

 

 

इस साइक्लिंग रैली में हरिसिमरन सिंह, सुरेन्द्र कुमार, जयंती प्रसाद, प्रणय पंत, मोहम्मद हैरिस, प्रांजल कपूर, अर्नब पॉल, चित्रांग, अमन, चैतन्य सहित क्लब के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

 

देहरादून साइक्लिंग क्लब ने आम नागरिकों से अपील की कि वे नियमित रूप से साइक्लिंग एवं अन्य शारीरिक गतिविधियों को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं तथा जूनोटिक रोगों के प्रति जागरूक रहकर स्वयं और समाज को सुरक्षित रखने में अपना योगदान दें। क्लब ने भविष्य में भी स्वास्थ्य, पर्यावरण एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़े ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!