नकरौंदा में आरडब्ल्यूए परिसर में पौधारोपण, दिया हरित देहरादून का संदेश

देहरादून। नगर निगम देहरादून द्वारा पर्यावरण संरक्षण, हरित क्षेत्र के विस्तार एवं स्वच्छ-हरित शहर की संकल्पना को साकार करने के उद्देश्य से नकरौंदा स्थित आरडब्ल्यूए परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर मेयर सौरभ थपलियाल ने विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया तथा स्थानीय निवासियों एवं आरडब्ल्यूए के सदस्यों को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने के लिए प्रेरित किया।

मंगलवार को आरडब्ल्यूए परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मेयर ने कहा कि बढ़ते शहरीकरण के बीच शहर में हरित क्षेत्र बढ़ाना जरूरी है। पेड़-पौधे पर्यावरण संरक्षण के साथ तापमान नियंत्रित करने और वायु गुणवत्ता सुधारने में भी अहम भूमिका निभाते हैं।


इस दौरान आरडब्ल्यूए के पदाधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प लिया। नगर निगम ने नागरिकों से अपील की कि वे अपने घरों, आवासीय परिसरों, खाली स्थानों एवं आसपास के क्षेत्रों में पौधारोपण कर “स्वच्छ देहरादून–हरित देहरादून” के अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं। नगर निगम देहरादून द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पौधारोपण एवं हरित क्षेत्र विकसित करने के लिए निरंतर अभियान चलाए जा रहे हैं जिसका उद्देश्य नागरिकों की सहभागिता के माध्यम से देहरादून को अधिक स्वच्छ, सुंदर, हरा-भरा एवं पर्यावरण अनुकूल शहर बनाना है।