गैरसैंण नहीं तो शांति नहीं: 13 अगस्त को विधानसभा के बाहर सामूहिक मुंडन, 15 अगस्त से गैरसैंण पदयात्रा
गैरसैंण को उत्तराखंड की स्थायी राजधानी बनाने की मांग को लेकर आंदोलन अब निर्णायक दौर में पहुंच गया है। स्थायी राजधानी गैरसैंण समिति ने 13 अगस्त को विधानसभा के बाहर सामूहिक मुंडन और 15 अगस्त से देहरादून से गैरसैंण तक महा-पदयात्रा का ऐलान किया है।समिति के अनुसार, 13 अगस्त को सुबह 9 बजे विधानसभा के बाहर सामूहिक मुंडन कर सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया जाएगा। वहीं, 15 अगस्त को सुबह 9:30 बजे विधानसभा के बाहर से देहरादून-गैरसैंण पदयात्रा का शंखनाद किया जाएगा।

समिति ने बताया कि इससे पहले दिल्ली, कर्णप्रयाग, चौखुटिया और रुद्रप्रयाग में प्रदर्शन किए जा चुके हैं। वही देहरादून धरना स्थल पर 100 से अधिक दिनों से क्रमिक अनशन भी जारी है।समिति के मुख्य संयोजक पूर्व आईएएस विनोद प्रसाद रतूड़ी समेत पार्थ रतूड़ी, गोपाल दत्त कुमेड़ी, सुधीर गैरोला और शैलेंद्र शेखर करगेती ने कहा कि गैरसैंण को स्थायी राजधानी घोषित किए जाने तक आंदोलन जारी रहेगा। समिति ने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि अब आंदोलन को निर्णायक दिशा में ले जाया जाएगा।