विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने कसी कमर, दावेदारों का होगा इंटरनल सर्वे
टिकट के लिए नेताओं की लोकप्रियता, क्षेत्र में सक्रियता और संगठन के साथ तालमेल समेत कई पहलुओं पर होगी पड़ताल

आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर उत्तराखंड कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी अब सभी विधानसभा क्षेत्रों में संभावित उम्मीदवारों और मौजूदा विधायकों के कामकाज का आकलन करने की तैयारी में है। इसके लिए प्रदेश स्तर पर इंटरनल सर्वे कराया जाएगा।
कांग्रेस की प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने बताया कि पार्टी के टिकट वितरण की प्रक्रिया में इंटरनल सर्वे की अहम भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से भी अलग स्तर पर सर्वे कराया जाता है, जिसकी जानकारी सार्वजनिक नहीं होती। ऐसे में यह संभव है कि केंद्रीय नेतृत्व की ओर से उत्तराखंड के नेताओं और विधायकों के बारे में पहले से ही फीडबैक लिया जा रहा हो।
उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस भी अपने स्तर पर सर्वे कराएगी। इसमें चुनाव लड़ने के इच्छुक नेताओं के साथ-साथ मौजूदा विधायकों की जनता के बीच छवि, क्षेत्र में सक्रियता, लोगों से संवाद, पार्टी के प्रति समर्पण और संगठन के साथ समन्वय जैसे पहलुओं को देखा जाएगा।
सर्वे में यह भी परखा जाएगा कि कौन नेता पार्टी की विचारधारा को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में सक्रिय है, कौन संगठन को पर्याप्त समय दे रहा है और क्षेत्र की जनता के सुख-दुख में कौन लगातार उनके साथ खड़ा रहता है।
डॉ. प्रतिमा सिंह ने कहा कि राहुल गांधी भी उत्तराखंड में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर विशेष रुचि दिखा रहे हैं। उनके स्तर पर भी चुनावी तैयारियों और संभावित उम्मीदवारों को लेकर फीडबैक जुटाया जा रहा होगा।प्रदेश स्तर पर होने वाले सर्वे की रिपोर्ट आगे कांग्रेस की चयन समिति के सामने रखी जाएगी। समिति प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से संभावित उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा करेगी। इसके बाद चयनित नामों को केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) के सामने रखा जाएगा। अंतिम रूप से उम्मीदवारों का फैसला सर्वे रिपोर्ट और CEC में होने वाले विचार-विमर्श के आधार पर किया जाएगा।