कावड़ यात्रा के बाद कूड़ा घर बने हरिद्वार के गंगा घाट ,चारों ओर पसरा कचरा

कांवड़ मेला समाप्त होने के बाद धर्मनगरी हरिद्वार में सफाई व्यवस्था बड़ी चुनौती बन गई है। देशभर से पहुंचे करीब पांच करोड़ कांवड़ यात्रियों के लौटने के बाद गंगा घाटों, पार्किंग स्थलों और बाजार क्षेत्रों में भारी मात्रा में कचरा जमा हो गया है। श्रद्धालु अपने साथ आस्था लेकर लौट गए, लेकिन पीछे छोड़ा गया हजारों मीट्रिक टन कचरा अब नगर निगम के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है।
सबसे खराब स्थिति हरकी पैड़ी और आसपास के गंगा घाटों पर नजर आ रही है। कई स्थानों पर कूड़े के ढेर दिखाई दे रहे हैं। घाटों और आसपास के इलाकों से कचरा हटाने के लिए नगर निगम ने सफाई अभियान तेज कर दिया है।
मंगलवार शाम से विशेष महासफाई अभियान शुरू किया गया। अभियान के तहत करीब 900 अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों को तैनात किया गया है। अलग-अलग टीमें हरकी पैड़ी, प्रमुख गंगा घाटों, रोड़ी बेलवाला पार्किंग और बाजार क्षेत्रों में सफाई कर कचरा उठाने में जुटी हैं। नगर निगम का लक्ष्य जल्द से जल्द क्षेत्रों को साफ कर गंगा घाटों की व्यवस्था सामान्य करना है।