पीपलकोटी टनल हादसे में 9 लोगों की मौत, डीएम ने की पुष्टि; घटनास्थल पर पहुंचे सीएम धामी

उत्तराखंड के चमोली जिले के पीपलकोटी में टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में हुए दर्दनाक हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 9 हो गई है। जिला प्रशासन की ओर से मौतों की पुष्टि की गई है। टनल में अचानक भारी मात्रा में पानी और मलबा आने के बाद कई मजदूर अंदर फंस गए थे। हादसे के बाद से लगातार राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है।

घटना पीपलकोटी के मायापुर क्षेत्र में स्थित विष्णुगाड़-पीपलकोटी जलविद्युत परियोजना की निर्माणाधीन सुरंग में हुई। हादसे के बाद एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और फंसे मजदूरों को बाहर निकालने का अभियान शुरू किया। कई मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया है।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। मुख्यमंत्री ने आपदा परिचालन केंद्र पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन की जानकारी ली और घायलों से भी बातचीत की। अब वह घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा ले रहे हैं।