पिथौरागढ़ लैंडस्लाइड : मूसलाधार बारिश से टूटा कुला गाड़ पुल, दारामा-चौदास घाटी का संपर्क कटा

उत्तराखंड के सीमांत जिले में पिथोरागढ़ मे भारी लैंडस्लाइड होने की वजह से धारचूला-तवाघाट राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार को पत्थर और बोल्डर गिरने से कुलागाड़ पुल टूट गया।पुल टूटने से धारचूला तहसील मुख्यालय से दारामा और चौदास घाटी का संपर्क पूरी तरह से कट गया है। पुल के क्षतिग्रस्त होने से दोनों घाटियों के लोगों की आवाजाही प्रभावित हो गई है। क्षेत्र में लगातार बारिश के कारण हालात और चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं घटना की सूचना मिलते ही BRO की टीम मौके पर पहुंची और मार्ग को जल्द सुचारू करने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था तैयार करने का काम शुरू कर दिया।
कूलागाड़ पुल को हुए नुकसान के बाद कैलाश मानसरोवर यात्रा को लेकर प्रशासन और संबंधित एजेंसियां भी अलर्ट पर हैं। आज बुधवार को कैलाश मानसरोवर यात्रा का नौवां जत्था भारत में प्रवेश करेगा। इस जत्थे में कुल 48 यात्री शामिल हैं।
वहीं, उत्तराखंड के गढ़वाल और कुमाऊं दोनों मंडलों में लगातार हो रही भारी बारिश और भूस्खलन के कारण कई स्थानों पर यातायात प्रभावित होने की खबरें सामने आ रही हैं। प्रशासन और संबंधित विभाग संवेदनशील क्षेत्रों में स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।