
देहरादून: उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने लोअर PCS 2024 का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है। देहरादून के आयुष बेलवाल ने परीक्षा में पहला स्थान हासिल किया है। वहीं विक्रांत सिंह दूसरे और हिमानी लोहानी तीसरे स्थान पर रहीं। इस भर्ती में कुल 113 पदों के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया गया है।
आयोग ने 25 सितंबर 2026 को पदवार अंतिम परिणाम जारी किया। चयन मुख्य परीक्षा, साक्षात्कार, शारीरिक मापदंड, चिकित्सकीय परीक्षण और अभ्यर्थियों की वरीयता के आधार पर किया गया है। आयोग की वेबसाइट पर अभ्यर्थियों के अंक और कटऑफ भी उपलब्ध कराए गए हैं।
चयनित अभ्यर्थियों में अनिमेष पुनीता चौथे और भूपेश सिंह नगर कोटी पांचवें स्थान पर रहे। भर्ती के तहत नायब तहसीलदार के 36, उप कारापाल के 14, पूर्ति निरीक्षक के 36, विपणन निरीक्षक के 6 और श्रम प्रवर्तन अधिकारी के 5 पद शामिल हैं।
इसके अलावा आबकारी निरीक्षक के 5, ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक के 2, गन्ना विकास निरीक्षक के 6 और खांडसारी निरीक्षक के 3 पदों पर भी चयन हुआ है।