उत्तराखंडदेहरादून

देहरादून के ट्रांसपोर्ट नगर में बड़ा हादसा, दो इंजीनियरों की मौत से मचा हड़कंप

देहरादून के पटेल नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित ट्रांसपोर्ट नगर के सिंधु सेंटर में एक इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडर कंपनी के जेनरेटर रूम में बुधवार सुबह दो इंजीनियर अचेत अवस्था में मिले। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने प्रथम दृष्टया जेनरेटर से निकली गैस के कारण दम घुटने को मौत की संभावित वजह माना है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।

पुलिस के अनुसार, दोनों मृतक ईशान नेट सोल प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में इंजीनियर थे और इंटरनेट मेंटेनेंस का काम करते थे। बताया गया कि 29 सितंबर की रात करीब 12:30 बजे कंपनी में तकनीकी समस्या आई थी। इसके बाद दोनों इंजीनियर निरीक्षण के लिए जेनरेटर रूम में गए। बिजली नहीं होने के कारण उन्होंने जेनरेटर चलाया और कथित तौर पर उसी कमरे में सो गए।

बुधवार सुबह गार्ड के पहुंचने पर दोनों अचेत अवस्था में मिले। सूचना मिलते ही पटेल नगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

पटेल नगर कोतवाली प्रभारी नरेश राठौर के मुताबिक मृतकों की पहचान 29 वर्षीय रोहित सिंह निवासी हरिद्वार और 26 वर्षीय लवकुश पुत्र रामसागर निवासी फैजाबाद, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।

पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!