उत्तराखंडऋषिकेश

ऋषिकेश में पुलिस शिकायत प्राधिकरण सदस्य के घर चोरी, 36 मिनट तक घर में रहा संदिग्ध

ऋषिकेश में रात के समय हुई चोरी की एक घटना ने पुलिस की रात्रि गश्त व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। राज्य पुलिस शिकायत प्राधिकरण के सदस्य दयाशंकर पांडे के घर में देर रात एक चोर दाखिल हुआ और करीब 36 मिनट तक घर के भीतर मौजूद रहा। इस दौरान उसने कई कमरों की तलाशी ली और सामान खंगाला। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है।

जानकारी के मुताबिक, संदिग्ध रात करीब 2:45 बजे घर में दाखिल हुआ और लगभग 3:21 बजे बाहर निकल गया। दयाशंकर पांडे के अनुसार, चोर ने काफी समय तक घर के अलग-अलग हिस्सों में घूमकर चोरी का प्रयास किया। इस दौरान वह करीब 10 मिनट उस कमरे में भी रहा, जहां उनकी बुजुर्ग मां सो रही थीं।

पांडे का कहना है कि उनकी मां के गले में सोने की चेन और हाथ में कंगन थे। ऐसे में अगर चोर की नजर इन आभूषणों पर पड़ती या वह कोई हिंसक कदम उठाता, तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। घटना के बाद उन्होंने इलाके में रात के समय होने वाली पुलिस गश्त को लेकर चिंता जताई है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घर से एक भरा हुआ एलपीजी सिलेंडर चोरी हुआ है। हालांकि, अन्य सामान भी चोरी हुआ है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। घर में मौजूद सामान की पूरी तरह पड़ताल के बाद ही नुकसान का वास्तविक पता चल सकेगा।

सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद अब पुलिस के सामने संदिग्ध की पहचान कर उसे पकड़ने की चुनौती है। साथ ही यह भी सवाल उठ रहा है कि रात के समय क्षेत्र में पुलिस की गश्त कितनी प्रभावी थी, जिसके दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति इतने लंबे समय तक घर के अंदर मौजूद रहा।

इस संबंध में ऋषिकेश के वरिष्ठ उपनिरीक्षक नवीन जोशी ने मामले की जानकारी होने से अनभिज्ञता जताई। उन्होंने कहा कि वह मामले की जानकारी लेकर आगे की कार्रवाई के संबंध में बताएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!