उत्तराखंडपिथौरागढ़

आदि कैलाश यात्रा पर आई तेलंगाना की महिला श्रद्धालु की मौत, कुटी में बिगड़ी थी तबीयत

पिथौरागढ़ जिले में आदि कैलाश और ओम पर्वत के दर्शन के लिए पहुंची तेलंगाना की 66 वर्षीय महिला श्रद्धालु की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। महिला कुटी गांव के एक होम स्टे में ठहरी हुई थीं। हालत बिगड़ने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए 36वीं वाहिनी आईटीबीपी की कुटी पोस्ट ले जाया गया, लेकिन स्वास्थ्य में सुधार नहीं हुआ।

मृतका की पहचान मान्धा देवममा, पत्नी एमऐलाया, निवासी सिकंदराबाद, तेलंगाना के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, कुटी में अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई थी। आईटीबीपी पोस्ट पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गुंजी ले जाया गया। वहां चिकित्सकीय टीम ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

महिला का शव बाद में गुंजी से धारचूला लाया गया। प्रशासन के अनुसार, पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। प्रारंभिक तौर पर मौत की वजह हार्ट अटैक मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।

धारचूला के एसडीएम आशीष जोशी ने बताया कि महिला का शव धारचूला पहुंच चुका है और नियमानुसार पोस्टमार्टम कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

उच्च हिमालयी क्षेत्र में ऑक्सीजन का स्तर कम होने के कारण बुजुर्ग और हृदय संबंधी समस्या वाले यात्रियों के लिए स्वास्थ्य संबंधी जोखिम बढ़ सकता है। इस वर्ष आदि कैलाश यात्रा के दौरान अब तक तीन श्रद्धालुओं की मौत की जानकारी सामने आई है। प्रशासन की ओर से यात्रियों को ऊंचाई वाले क्षेत्रों में स्वास्थ्य को लेकर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!