देहरादून में देर रात शराब की दुकानों पर चला प्रशासन का चाबुक, ओवररेटिंग और कई धांधलियों का खुलासा
जिला प्रशासन की संयुक्त टीमों की औचक छापेमारी में ओवरचार्जिंग, फर्जी सेल्समैन और बिना अपडेटेड स्टॉक के कई मामले आए सामने

देहरादून: राजधानी देहरादून में शराब की दुकानों पर मनमाने दामों पर बिक्री और नियमों की अनदेखी पर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। लगातार मिल रही शिकायतों के संज्ञान में जिला प्रशासन की कई टीमों ने बुधवार देर रात शहर के अलग-अलग इलाकों में शराब ठेकों पर एक साथ औचक छापेमारी की। इस दौरान ओवररेटिंग, बिना एंट्री का स्टॉक और अनाधिकृत कर्मचारियों की तैनाती जैसी कई गंभीर अनियमितताएं पकड़ी गईं।
प्रशासन की अलग-अलग टीमों ने माजरा, पटेलनगर, प्रेमनगर, जाखन और राजपुर रोड स्थित शराब दुकानों का बारीकी से निरीक्षण किया। जांच के दौरान आईएसबीटी स्थित दुकान पर तय कीमत से ज्यादा पैसे वसूलने की शिकायत सही पाई गई। इतना ही नहीं, यहां रखी 42 शराब की बोतलों के बैच नंबर उपलब्ध रिकॉर्ड से मैच नहीं हुए। इसके साथ ही कई दुकानों पर रेट लिस्ट और आबकारी विभाग का शिकायत नंबर प्रदर्शित नहीं था और आधिकारिक सेल्समैन की जगह अन्य लोग बिक्री करते मिले।
प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि ग्राहकों से ओवरचार्जिंग, अनाधिकृत कर्मचारियों से बिक्री और कागजी रिकॉर्ड में हेराफेरी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संबंधित दुकानों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जा रही है और आने वाले दिनों में भी इस तरह का चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।