हरिद्वार में तेज रफ्तार बेकाबू बस का तांडव: ऑटो और चार गाड़ियों के उड़े परखच्चे, चालक का हाथ कटा
निजी अस्पताल के बाहर हुआ भीषण हादसा, ऑटो चालक की गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर किया गया; पुलिस ने आरोपी ड्राइवर को हिरासत में लिया

हरिद्वार: धार्मिक नगरी हरिद्वार के ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत दुर्गा चौक के पास सोमवार की सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना सामने आई है। एक तेज रफ्तार अनियंत्रित निजी बस ने सड़क किनारे खड़े वाहनों को रौंद दिया। हादसे में एक ऑटो-रिक्शा समेत चार कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि ऑटो चालक का हाथ कटकर शरीर से अलग हो गया।
सुबह करीब साढ़े छह बजे यह हादसा उस वक्त हुआ जब एक निजी बस फैक्ट्री कर्मचारियों को लेने जा रही थी। दुर्गा चौक स्थित एक निजी अस्पताल के पास पहुंचते ही चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा। बेकाबू बस ने सबसे पहले सड़क पर चल रहे ऑटो को जोरदार टक्कर मारी और उसके बाद अस्पताल के बाहर खड़ी चार कारों को एक-एक कर अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और ज्वालापुर सुभाष नगर निवासी ऑटो चालक त्रिलोक सिंह गुसाईं गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर भारी अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। गंभीर रूप से घायल चालक को आनन-फानन में स्थानीय जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए देहरादून स्थित जौलीग्रांट हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। हादसे की चपेट में आने से सड़क पर मौजूद एक मूक पशु की भी मौत हो गई।
गनीमत यह रही कि हादसा सुबह के वक्त हुआ, जब अस्पताल के बाहर मरीजों और तीमारदारों की चहल-पहल कम थी, वरना एक बड़ा हादसा हो सकता था। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के सड़क पर फंसे होने के कारण कुछ देर के लिए यातायात व्यवस्था भी प्रभावित रही।
सूचना मिलते ही ज्वालापुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को कब्जे में लेते हुए आरोपी बस चालक विपिन कुमार सैनी (निवासी सहारनपुर, हाल निवासी सीतापुर ज्वालापुर) को हिरासत में ले लिया है। कोतवाली पुलिस के अनुसार घायल को बेहतर उपचार के लिए रेफर किया गया है और पुलिस हिरासत में लिए गए चालक से पूछताछ कर मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।