उत्तराखंडराजनीति

किच्छा में मतगणना से पहले आमने-सामने कांग्रेस-BJP, हरीश रावत के बयान पर छिड़ी बहस

रुद्रपुर के किच्छा और सिरौलीकलां नगर पालिका चुनाव की मतगणना से पहले स्थानीय राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत के ‘लाठी’ वाले बयान के बाद भाजपा ने ‘फूल’ से जवाब देने की बात कही है। दोनों दलों के नेताओं के बयानों के बाद मतगणना से पहले क्षेत्र का राजनीतिक माहौल चर्चा में आ गया है।

दरअसल, हरीश रावत मंगलवार को किच्छा में कांग्रेस विधायक तिलक राज बेहड़ के आवास पर पहुंचे थे। कार्यकर्ताओं से बातचीत के दौरान उन्होंने मतगणना के दिन छोटी लाठियां लेकर आने की अपील की। रावत ने आशंका जताई कि कहीं भाजपा चुनावी नतीजों को प्रभावित करने या जीत को अपने पक्ष में करने का प्रयास न करे। उनके इस बयान के बाद भाजपा ने कांग्रेस पर निशाना साधना शुरू कर दिया।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राजेश शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस खुद को गांधीवादी विचारधारा से जोड़ती है, लेकिन उसके नेता कार्यकर्ताओं से लाठी लेकर मतगणना में आने की बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस कार्यकर्ता लाठी लेकर आएंगे तो भाजपा कार्यकर्ता फूल लेकर उनका सामना करेंगे। साथ ही उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से संयम बनाए रखने की अपील की।

शुक्ला ने सवाल उठाया कि मतगणना जैसे लोकतांत्रिक और संवेदनशील अवसर पर लाठी लेकर आने की जरूरत क्यों पड़ रही है। उन्होंने इसे मतगणना की प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश के तौर पर उठाया गया सवाल बताया और शांतिपूर्ण तरीके से परिणाम घोषित किए जाने की बात कही।

किच्छा और सिरौलीकलां में आज मतगणना होनी है। प्रशासन ने दोनों स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। मतगणना केंद्रों पर पुलिस के साथ पीएसी की तैनाती की गई है। अधिकारियों का कहना है कि पूरी प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने की तैयारी है।

अब सबकी नजर मतगणना के दौरान दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के रुख और प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर रहेगी। फिलहाल किच्छा में ‘लाठी बनाम फूल’ की सियासी चर्चा जोर पकड़ चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!