
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की आर्थिक प्रगति और गरीबी में कमी का जिक्र करते हुए विपक्ष के नेता राहुल गांधी के आर्थिक आपदा वाले बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था है और पिछले 12-13 वर्षों में 50 करोड़ भारतीय गरीबी से बाहर आए हैं।
फिक्की के शताब्दी समारोह में प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की विकास दर करीब 7 प्रतिशत रहने का अनुमान है। उन्होंने अक्टूबर में वस्तुओं के निर्यात के लगभग 50 अरब डॉलर तक पहुंचने को देश की आर्थिक मजबूती का संकेत बताया।
पीएम मोदी ने विश्व बैंक की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि सही नीतियों और मजबूत इरादों के चलते करोड़ों लोगों को गरीबी से बाहर निकालने में सफलता मिली है। उन्होंने कांग्रेस के ‘गरीबी हटाओ’ नारे पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली नीतियों में खामियां और सही नीयत की कमी थी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में युवाओं, किसानों, श्रमिकों और उद्योग जगत के प्रयासों से देश ने आर्थिक चुनौतियों को पीछे छोड़ते हुए नई दिशा हासिल की है। उनकी यह टिप्पणी राहुल गांधी के उस बयान के बाद आई है, जिसमें उन्होंने भारत को आर्थिक आपदा की ओर बढ़ता देश बताया था।