भराड़ीसैंण। उत्तराखंड विधानसभा के सत्र के दूसरे दिन सदन में जमकर हंगामा देखने को मिला। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य की 210 करोड़ रुपये की संपत्ति को लेकर उठे सवालों पर चर्चा कराने की मांग को लेकर कांग्रेस विधायकों ने विरोध प्रदर्शन किया। हंगामे के चलते करीब एक घंटे के भीतर सदन की कार्यवाही दो बार स्थगित करनी पड़ी।

बुधवार को कार्यवाही दोबारा शुरू होते ही विपक्षी विधायक नारेबाजी करते हुए वेल में पहुंच गए। कांग्रेस विधायकों ने काले कपड़े लहराते हुए नियम 310 के तहत भ्रष्टाचार के मुद्दे पर चर्चा कराने की मांग उठाई। विपक्ष ने नारे लगाए, “310 में 210 करोड़ की चर्चा होनी है, भ्रष्टाचारियों को संरक्षण देना बंद करो।”
हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही पांच मिनट के लिए स्थगित कर दी गई। इसके बाद कार्यवाही फिर शुरू हुई, लेकिन विपक्ष का विरोध जारी रहा। इस दौरान कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने राशन कार्ड से संबंधित सवालों के जवाब दिए। उन्होंने विपक्षी विधायकों से कहा, “अपना गुस्सा किताबों पर मत निकालिए।” मंत्री ने राशन कार्डों के नवीनीकरण और पात्र लाभार्थियों का अद्यतन डेटा एकत्र करने की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी।
इससे पहले कांग्रेस विधायकों ने विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी से भ्रष्टाचार के मुद्दे पर चर्चा के लिए दी गई सूचना स्वीकार करने की मांग की थी। विपक्ष का कहना था कि यदि उसकी एक भी सूचना पर चर्चा नहीं कराई जाती, तो सदन में उसकी भूमिका सीमित होकर रह जाती है। इस दौरान सत्ता पक्ष के विधायकों ने भी नारेबाजी की। भाजपा विधायकों ने कांग्रेस पर हताशा और निराशा में सदन की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगाया।
विधानसभा अध्यक्ष ने हंगामा कर रहे विधायकों से शांति बनाए रखने और प्रश्नकाल चलने देने की अपील की। विरोध के बीच प्रश्नकाल पूरा हुआ, जिसके बाद नियम 300 के तहत सदस्यों की सूचनाएं लेने की प्रक्रिया शुरू की गई।
गौरतलब है कि दिन की कार्यवाही शुरू होते ही कांग्रेस विधायक वेल में पहुंच गए थे और काले कपड़े लहराकर विरोध जताया था। इसके चलते सदन को दोपहर 12 बजे तक स्थगित करना पड़ा था।
वहीं, कांग्रेस विधायक रवि बहादुर ने आरोप लगाया कि सरकार यह प्रदर्शित करना चाहती है कि उसने दोपहर दो बजे तक सदन चलाने का पूरा प्रयास किया, लेकिन विपक्ष के लगातार हंगामे के कारण ऐसा नहीं हो सका। उन्होंने आशंका जताई कि सरकार इसी आधार पर सदन को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित करने का माहौल तैयार कर रही है।