उधम सिंह नगर

रुद्रपुर में बाघ एक्सप्रेस की टक्कर से हाथी की मौत, दो घंटे तक रुकी रही ट्रेन

उधम सिंह नगर: उत्तराखंड के रुद्रपुर में रेलवे ट्रैक पार करते समय बाघ एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक नर हाथी की मौत हो गई। हादसा हल्दी और छतरपुर रेलवे स्टेशन के बीच मंगलवार देर रात हुआ। घटना के बाद रेल यातायात प्रभावित रहा और ट्रेन करीब दो घंटे तक मौके पर खड़ी रही। रेलवे के अनुसार, हादसे के समय ट्रेन में लगभग 1000 यात्री सवार थे। राहत की बात यह रही कि सभी यात्री सुरक्षित रहे।

जानकारी के मुताबिक, लालकुआं से हावड़ा जा रही बाघ एक्सप्रेस हाथियों के झुंड के बीच से गुजर रही थी। इसी दौरान रेलवे ट्रैक पार कर रहा एक नर हाथी ट्रेन की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी तेज थी कि हाथी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उसका एक दांत भी टूट गया, जबकि रेलवे की विद्युत लाइन को नुकसान पहुंचने की जानकारी भी सामने आई है।

मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम

घटना की सूचना मिलने पर तराई केंद्रीय वन प्रभाग की रुद्रपुर रेंज के वन क्षेत्राधिकारी रूपनारायण गौतम सहित वन विभाग के कर्मचारी और रेलवे अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। हादसा रेलवे ट्रैक के पिलर संख्या 55/8 के पास हुआ। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और हाथी के शव को ट्रैक से हटवाने की कार्रवाई की। इसके बाद रेल संचालन बहाल करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई।

हाथी का टूटा हुआ दांत रेलवे ने अपने कब्जे में लिया था, जिसे बुधवार को वन विभाग को सौंप दिया गया। वन विभाग की निगरानी में शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद नियमानुसार हाथी का अंतिम संस्कार किया गया।

वन्यजीवों की सुरक्षा पर उठे सवाल

वन क्षेत्राधिकारी रूपनारायण गौतम के अनुसार, मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है और रेलवे अधिकारियों से भी बातचीत की गई है। उन्होंने कहा कि हाथियों की आवाजाही वाले क्षेत्रों में ट्रेन की गति नियंत्रित रखने और लगातार हॉर्न बजाने जैसे सुरक्षा उपायों पर जोर दिया जाएगा।

इस घटना ने रेलवे ट्रैक के आसपास वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। विशेषज्ञों के अनुसार, ऐसे संवेदनशील इलाकों में रेलवे और वन विभाग के बीच बेहतर समन्वय, नियमित निगरानी तथा सतर्कता के उपायों को प्रभावी ढंग से लागू करना जरूरी है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!