IND vs NZ: चौथे टी20 से पहले न्यूजीलैंड की बढ़ी मुश्किलें, लॉकी फर्ग्यूसन भी सीरीज से बाहर

IND vs NZ 4th T20I: भारत के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में पिछड़ चुकी न्यूजीलैंड की टीम को एक और बड़ा झटका लगा है। तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन चोट के कारण सीरीज के बाकी मुकाबलों से बाहर हो गए हैं। इससे पहले मैट हेनरी भी चोटिल होने के चलते पूरी टी20 सीरीज से बाहर हो चुके हैं। दोनों खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी से न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाजी आक्रमण पर असर पड़ सकता है।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच चौथा टी20 मुकाबला 30 अक्टूबर को ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेला जाना है। न्यूजीलैंड क्रिकेट के अनुसार, फर्ग्यूसन की दाईं पिंडली में हल्का खिंचाव है और उन्हें ठीक होने में करीब एक सप्ताह और लग सकता है। वहीं, हेनरी की जांघ की मांसपेशियों में खिंचाव है, जिससे उबरने में लगभग दो सप्ताह लगने की संभावना है।
दोनों गेंदबाज भारत के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले के दौरान चोटिल हुए थे। शुरुआत में फर्ग्यूसन को केवल तीसरे मैच से बाहर रखा गया था, लेकिन अब आगामी वनडे सीरीज को ध्यान में रखते हुए उन्हें टी20 सीरीज के शेष मुकाबलों से भी आराम दिया गया है फर्ग्यूसन की जगह तेज गेंदबाज मैथ्यू फिशर को न्यूजीलैंड की टी20 टीम में शामिल किया गया है। वह पहले से ही टीम के साथ कवर खिलाड़ी के तौर पर मौजूद थे। फिशर अब बाकी दो मुकाबलों में अपनी गेंदबाजी से टीम को मजबूती देने की कोशिश करेंगे।
न्यूजीलैंड के मुख्य कोच रॉब वाल्टर ने दोनों खिलाड़ियों के चोटिल होने पर निराशा जताई। हालांकि, उन्होंने उम्मीद व्यक्त की कि फर्ग्यूसन और हेनरी वनडे सीरीज तक फिट होकर वापसी कर सकते हैं।
ईडन पार्क में उमड़ेंगे हजारों दर्शक
चौथे टी20 मुकाबले को लेकर ऑकलैंड में भी काफी उत्साह है। ईडन पार्क में मैच के टिकट बिक चुके हैं और 40 हजार से अधिक दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद जताई गई है। इतनी बड़ी संख्या में दर्शकों की मौजूदगी स्टेडियम में नया उत्साह पैदा कर सकती है।
भारतीय टीम शुरुआती तीनों मुकाबले जीतकर पांच मैचों की सीरीज अपने नाम कर चुकी है। ऐसे में न्यूजीलैंड की टीम बाकी दोनों मैच जीतकर सम्मान बचाने की कोशिश करेगी, जबकि भारत की नजर जीत के सिलसिले को बरकरार रखने पर होगी।