रामपुर में अवैध हथियार फैक्ट्री का खुलासा, दो गिरफ्तार; उत्तराखंड के नानकमत्ता तक जुड़े तार

रामपुर: उत्तर प्रदेश के रामपुर में पुलिस ने अवैध हथियार बनाने वाली फैक्ट्री का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बड़ी संख्या में तैयार और अधबने हथियारों के साथ उन्हें बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी बरामद किए हैं। मामले की शुरुआती जांच में इस नेटवर्क के तार उत्तराखंड के नानकमत्ता से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश के साथ हथियारों की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने में जुटी है।
पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सिंह के मुताबिक, 29 अक्टूबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर सिविल लाइंस थाना पुलिस, स्वाट, सर्विलांस और एसओजी की संयुक्त टीम ने शिवापुरम स्थित एक खंडहर में छापा मारा। यहां अवैध रूप से हथियार बनाने का काम किए जाने की सूचना मिली थी। कार्रवाई के दौरान दो लोगों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उनका एक साथी भागने में सफल रहा।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजीमनगर थाना क्षेत्र के खिमौतिया खेड़ा निवासी वीर सिंह और खिमौतिया बख्ती निवासी बनवारी लाल के रूप में हुई है। फरार आरोपी की पहचान मिलक खानम थाना क्षेत्र के पिपलिया जट निवासी शाहिद के रूप में की गई है।
हथियारों के साथ बनाने के उपकरण भी बरामद
पुलिस के अनुसार, छापेमारी के दौरान एक 12 बोर की सिंगल बैरल बंदूक, दो 315 बोर की देसी राइफल, एक अधबनी बंदूक, 315 बोर के पांच तमंचे और 12 बोर के तीन तमंचे बरामद किए गए। इसके अलावा जिंदा कारतूस और खोखे भी मिले हैं।
मौके से ड्रिल मशीन, ग्राइंडर, हथौड़े, लोहे की नाल, पाइप, कटर और अन्य औजार बरामद हुए हैं। पुलिस को एक ऐसा हथियार भी मिला है, जो लाइसेंसी बंदूक जैसा दिखाई देता है, लेकिन उसका नंबर घिसा हुआ है। उसकी स्थिति और वैधता की जांच की जा रही है।
नानकमत्ता तक सप्लाई नेटवर्क की जांच
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, आरोपी कथित तौर पर हथियार तैयार कर फरार साथी शाहिद के माध्यम से उनकी बिक्री करते थे। अब पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि हथियार कहां बनाए जाते थे, किन लोगों को बेचे जाते थे और इस काम से जुड़े अन्य सदस्य कौन हैं।
नानकमत्ता से कनेक्शन सामने आने के बाद उत्तराखंड तक फैले संभावित नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। फिलहाल मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी और हथियारों की सप्लाई से जुड़े अन्य ठिकानों की जानकारी जुटाने के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।