DehradunUttrakhand

विशाखापत्तनम में एचपीसीएल रिफाइनरी की सल्फर यूनिट में लगी भीषण आग, दमकल कर्मियों ने पाया काबू; सभी सुरक्षित

रिफाइनरी के वेस्ट ऑयल टैंक में हुआ था धमाका, आसमान में छा गया घना काला धुआं; स्थानीय प्रशासन ने स्थिति पर बनाई नजर

विशाखापत्तनम: आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) रिफाइनरी में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। रिफाइनरी के अंदर स्थित सल्फर यूनिट के पास बने एक वेस्ट ऑयल टैंक में अचानक भीषण आग लग गई। घटना के बाद उठी ऊंची लपटों और पूरे इलाके में फैले घने काले धुएं से स्थानीय नागरिकों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, समय रहते दमकल विभाग और कंपनी की सुरक्षा टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना सोमवार रात करीब 9:50 बजे हुई। विशाखापत्तनम रिफाइनरी प्रोजेक्ट की ‘रफ पिच’ यूनिट के एक स्टोरेज टैंक के बेस पर स्थित वेस्ट ऑयल टैंक में तेज धमाके के साथ आग भड़क उठी। आग इतनी भयानक थी कि श्रीहरिपुरम और मलकापुरम समेत आसपास के रिहायशी इलाकों में घना धुआं फैल गया, जिससे लोगों में घबराहट फैल गई।

हादसे की सूचना मिलते ही एचपीसीएल के सेफ्टी विंग और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों से मंगाए गए फायर टेंडर्स ने मोर्चा संभाला और आधी रात के बाद आग की लपटों को पूरी तरह शांत कर दिया गया। कंपनी के प्रबंधन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि इस दुर्घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है और रिफाइनरी की अन्य सभी यूनिट्स सुरक्षित रूप से संचालित हो रही हैं। स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और हालात पूरी तरह नियंत्रण में बताए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!