रामनगर के छोई गांव में अर्द्धनग्न अवस्था में मिला महिला का शव, देहरादून में पेंटर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका; पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच
रामनगर: उत्तराखंड के नैनीताल जिले के रामनगर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां मंगलवार सुबह छोई गांव के किशनपुर पड़ाव क्षेत्र में एक 58 वर्षीय महिला का शव अर्द्धनग्न अवस्था में बरामद हुआ। घर से कुछ दूरी पर महिला का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई और स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची।
मृतका की शिनाख्त विमला देवी (पत्नी स्वर्गीय खिलाफ सिंह) के रूप में हुई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। वहीं, मृतका के परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर हत्या की आशंका जताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। क्षेत्राधिकारी (CO) रविकांत सेमवाल ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस पुरानी रंजिश और हत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर गहनता से जांच कर रही है। मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
देहरादून में पेंटर की संदिग्ध मौत उधर, राजधानी देहरादून के बसंत विहार थाना क्षेत्र अंतर्गत चोरखाला में एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 55 वर्षीय सलीम अहमद के रूप में हुई है, जो पेशे से पेंटर था और अपनी बहन के मकान में अकेले रहता था। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।