Dehradun

जेनी प्रकरण में नया मोड़: हरक सिंह रावत का दावा— “दून अस्पताल के रिकॉर्ड में बेटे के पिता का नाम ‘बबलू’ दर्ज”

पूर्व मंत्री ने बरेली निवासी युवक के साथ लिव-इन का किया दावा; अटल बिहारी वाजपेयी सरकार के समय हुई सीबीआई जांच का हवाला देकर भाजपा को घेरा

देहरादून: उत्तराखंड की राजनीति में पिछले 23 सालों से सुलभ रहा बहुचर्चित जेनी प्रकरण एक बार फिर नए दावों के साथ गरमा गया है। पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं कांग्रेस चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने मीडिया के समक्ष नया दावा करते हुए कहा कि जेनी के 23 वर्षीय बेटे के पिता का नाम दून अस्पताल के पुराने रिकॉर्ड में ‘बबलू’ दर्ज है। हरक सिंह रावत के इस बयान के बाद प्रदेश के सियासी गलियारों में आरोप-प्रत्यारोप का दौर और तेज हो गया है।

हरक सिंह रावत के अनुसार, अस्पताल रिकॉर्ड में दर्ज बबलू मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बरेली का रहने वाला है। उन्होंने दावा किया कि देहरादून आने से पहले जेनी करीब तीन महीने तक बरेली निवासी उक्त युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रही थीं, जिसके बाद वह युवक उन्हें दिल्ली बस अड्डे पर छोड़कर चला गया था। पूर्व मंत्री ने अपने इस दावे के समर्थन में दून अस्पताल के पुराने आधिकारिक दस्तावेजों का हवाला दिया है।

डीएनए जांच और पुरानी सीबीआई रिपोर्ट पर बहस

गौरतलब है कि बीते 7 नवंबर को उत्तरांचल प्रेस क्लब में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पीड़िता जेनी ने हरक सिंह रावत पर दुष्कर्म और यौन शोषण के गंभीर आरोप लगाए थे। जेनी अपने बेटे के पितृत्व को लेकर हरक सिंह रावत का नाम लेते हुए दोबारा डीएनए जांच की मांग पर अड़ी हैं। वहीं, हरक सिंह रावत ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए तत्कालीन सीबीआई जांच और उसमें आए डीएनए परीक्षण के नतीजों को आधार बनाया है।

भाजपा पर साधा निशाना

पत्रकारों से बातचीत के दौरान हरक सिंह रावत ने सत्ताधारी दल पर पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा नेता पूर्व में हुई सीबीआई जांच पर बेवजह सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने सवाल दागा कि यदि भाजपा को उस समय की सीबीआई और डीएनए जांच पर संदेह है, तो उसे यह स्पष्ट करना चाहिए कि क्या पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली तत्कालीन केंद्र सरकार के कार्यकाल में सीबीआई ने गलत जांच की थी। बहरहाल, 23 साल पुराने इस मामले में आ रहे नए मोड़ों के बाद राज्य की राजनीति में लगातार हलचल बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!