DehradunUttrakhand

22 नवंबर को भारत दौरे पर आएंगे नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह: पंचेश्वर डैम, सीमा विवाद और तराई टूरिज्म पर होगी अहम बातचीत

उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने दी जानकारी; नेपाल के पर्यटन मंत्री भी रहेंगे साथ, धार्मिक एवं पर्यटन संपर्कों को मिलेगी नई दिशा

देहरादून: नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह (बालेंद्र) का आगामी 22 नवंबर को भारत दौरा प्रस्तावित है, जिसे लेकर उत्तराखंड सरकार और प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने जानकारी देते हुए बताया कि इस उच्चस्तरीय दौरे के दौरान बहुउद्देशीय पंचेश्वर बांध परियोजना, भारत-नेपाल सीमा से जुड़े मुद्दे, महेंद्रनगर में प्रस्तावित ड्राई पोर्ट और तराई क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने की संभावनाओं पर द्विपक्षीय बातचीत होगी।

नेपाली प्रधानमंत्री के प्रतिनिधिमंडल में वहां के पर्यटन मंत्री भी शामिल रहेंगे। सतपाल महाराज के अनुसार, यह यात्रा दोनों पड़ोसी देशों के बीच धार्मिक, सांस्कृतिक और आर्थिक रिश्तों को एक नई गति प्रदान करेगी।

पंचेश्वर डैम परियोजना पर बनेगी सहमति भारत-नेपाल सहयोग की ऐतिहासिक और बहुउद्देशीय पंचेश्वर बांध परियोजना लंबे समय से विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर), लागत तथा जल संसाधनों के बंटवारे से जुड़े विषयों के कारण लंबित रही है। इस दौरे में पंचेश्वर परियोजना को गति देने पर चर्चा होगी, जिससे शारदा नदी क्षेत्र में सिंचाई, बिजली उत्पादन और बाढ़ नियंत्रण जैसे क्षेत्रों में दोनों देशों को बड़ा लाभ मिलेगा। इसके अतिरिक्त महेंद्रनगर में प्रस्तावित ड्राई पोर्ट और सीमावर्ती क्षेत्रों की स्थानीय समस्याओं के समाधान पर भी सहमति बनाने का प्रयास किया जाएगा।

धार्मिक एवं तराई पर्यटन को बढ़ावा देने की योजनापर्यटन के मोर्चे पर उत्तराखंड सरकार नेपाल के साथ मिलकर एक साझा टूरिज्म सर्किट विकसित करने की दिशा में प्रयासरत है। सतपाल महाराज ने बताया कि नेपाल स्थित सिद्ध बाबा के दर्शन के बिना मां पूर्णागिरि की यात्रा अधूरी मानी जाती है। नेपाल में पूर्णागिरि माता के लिए एलिवेटेड ट्रैक बनाया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को सुगमता होगी।

इसके अलावा, नेपाल के प्रसिद्ध चितवन राष्ट्रीय उद्यान और उत्तराखंड के जिम कॉर्बेट राष्ट्रीय उद्यान के बीच आपसी समन्वय स्थापित कर वाइल्डलाइफ टूरिज्म को बढ़ावा देने पर भी चर्चा होगी। इस वार्ता से दोनों देशों के बीच सौहार्द, व्यापार और पर्यटन संबंधों को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!