Uncategorized

गुजरात के गांधीनगर में होगा उर्मिला सनावर और सुरेश राठौर का नार्को व पॉलिग्राफ टेस्ट, तारीख पर फैसला बाकी

देहरादून सीबीआई कोर्ट में सुनवाई के बाद लिया गया निर्णय; उर्मिला ने लगाया 25 लाख रुपये और गाड़ी का प्रलोभन देने का गंभीर आरोप

देहरादून: अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीवीआईपी के नाम का खुलासा करने से जुड़े मामले में शुक्रवार को देहरादून स्थित सीबीआई कोर्ट में अहम सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान अदालत ने तय किया कि उर्मिला सनावर और पूर्व विधायक सुरेश राठौर का नार्को तथा पॉलिग्राफ टेस्ट गुजरात के गांधीनगर में कराया जाएगा। हालांकि, दोनों का परीक्षण किस तिथि को होगा, इस पर अभी अंतिम निर्णय नहीं हो सका है।

सीबीआई कोर्ट में पेशी के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उर्मिला सनावर ने स्वयं को भाजपा की सक्रिय कार्यकर्ता बताया और कहा कि उन्हें न्यायपालिका से न्याय की पूरी उम्मीद है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अंकिता को न्याय दिलाने के लिए वे हर प्रकार की जांच और नार्को टेस्ट कराने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। इस दौरान उन्होंने मांग उठाई कि जेल में बंद मुख्य आरोपी पुलकित आर्य का भी नार्को टेस्ट कराया जाना चाहिए।

25 लाख रुपये के ऑफर का आरोप और जनता से अपील

उर्मिला सनावर ने हरिद्वार की रानीपुर पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए आरोप लगाया कि नार्को टेस्ट न कराने के लिए उन्हें 25 लाख रुपये नकद और एक गाड़ी देने का प्रस्ताव दिया गया था। उन्होंने कहा कि वे इस मामले में कथित वीवीआईपी का सच सामने लाने के लिए लगातार मुखर हैं और इस मुद्दे पर राजनीति करने के बजाय सभी को एकजुट होकर अंकिता को न्याय दिलाने के लिए आगे आना चाहिए।

गौरतलब है कि इससे पूर्व उर्मिला सनावर ने 23 अक्टूबर को सीबीआई कोर्ट में पेश होकर नार्को टेस्ट के लिए अपनी सहमति दी थी। इसके बाद 26 अक्टूबर को अदालत में पेश होने से ठीक पहले हरिद्वार की रानीपुर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। यह गिरफ्तारी ज्वालापुर के पूर्व विधायक सुरेश राठौर की पुत्री द्वारा सोशल मीडिया पर अश्लील व मानहानिकारक टिप्पणी किए जाने की शिकायत पर दर्ज मुकदमे के आधार पर हुई थी, जिसके बाद उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!