DehradunUttrakhand

सोनिया गांधी की आत्मकथा रामचरितमानस या महाभारत नहीं जिससे प्रेरणा मिले: शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद

हरिद्वार के कनखल मठ में बोले शंकराचार्य— ओवैसी और चंद्रशेखर का गठबंधन हिंदू धर्म के लिए खतरा; यूपी सरकार पर भी गोवंश की स्थिति को लेकर साधा निशाना

हरिद्वार: ज्योतिष्पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने शुक्रवार को हरिद्वार के कनखल स्थित शंकराचार्य मठ में प्रवास के दौरान देश की समसामयिक राजनीति और धार्मिक विषयों पर बेबाकी से अपनी राय रखी। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ को लेकर चल रही राजनीतिक बहसों के बीच शंकराचार्य ने कहा कि इस पुस्तक से उनका कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सोनिया गांधी की आत्मकथा कोई रामचरितमानस या महाभारत नहीं है, जिससे उन्हें जीवन के लिए कोई प्रेरणा मिले।

स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कहा कि वे मर्यादा पुरुषोत्तम राम और योगेश्वर कृष्ण के चरित्र का अध्ययन करते हैं और उनसे ही प्रेरणा ग्रहण करते हैं। उनके अनुसार, जिस इतिहास से लोक कल्याण का मार्ग प्रशस्त होता है, वही उनके लिए महत्वपूर्ण है, जबकि सोनिया गांधी की जीवन कथा में उन्हें ऐसा कुछ नजर नहीं आता, इसलिए इसमें उनकी कोई रुचि नहीं है।

ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन को बताया खतरा

राजनीतिक गठबंधनों पर प्रतिक्रिया देते हुए शंकराचार्य ने असदुद्दीन ओवैसी के नेतृत्व वाली एआईएमआईएम (AIMIM) और चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी के बीच बने गठबंधन पर कड़े सवाल उठाए। उन्होंने इस गठबंधन को हिंदू समाज और हिंदू धर्म के लिए खतरा करार दिया। शंकराचार्य ने कहा कि भारतीय राजनीति धीरे-धीरे अमेरिका की दो-दलीय व्यवस्था की दिशा में आगे बढ़ रही है, जहां विभिन्न दलों के गठबंधन के नाम पर तीसरे विकल्प की संभावनाओं को कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दलित और मुस्लिम मतदाताओं को जोड़कर बनाए जा रहे इस तरह के राजनीतिक गठबंधनों से हिंदू समाज को नुकसान पहुंचने की आशंका है, इसलिए ऐसे गठबंधन उनके लिए आदर योग्य नहीं हो सकते।

योगी सरकार पर निशाना, जौलीग्रांट एयरपोर्ट के नामकरण में देरी पर जताई निराशा

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार को घेरते हुए शंकराचार्य ने दावा किया कि राज्य में भाजपा शासन के दस वर्षों में गायों की स्थिति चिंताजनक हुई है। उन्होंने वर्ष 2019 से 2024 के बीच की गणना का हवाला देते हुए कहा कि इस अवधि में लगभग सत्तर लाख गायों की संख्या कम हुई है, जिससे हिंदू समाज का सरकार के प्रति विश्वास प्रभावित हुआ है और इसका असर आगामी चुनावों में देखने को मिलेगा।

इसके अतिरिक्त, शंकराचार्य ने देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट का नाम आदि गुरु शंकराचार्य के नाम पर रखे जाने की लंबित मांग को लेकर उत्तराखंड सरकार के प्रति निराशा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि केरल से यात्रा प्रारंभ कर उत्तराखंड में समाधि लेने वाले आदि गुरु शंकराचार्य का इस देवभूमि से विशेष नाता रहा है, फिर भी एयरपोर्ट के नामकरण में अनावश्यक देरी की जा रही है। हालांकि, उन्होंने उत्तराखंड सरकार द्वारा शीतकालीन चारधाम यात्रा को बढ़ावा देने के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि शीतकाल में भी श्रद्धालु सुगमता से भगवान के दर्शन और आशीर्वाद प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!