
देहरादून। उत्तराखंड के ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। टिहरी गढ़वाल जिले के मुनिकीरेती थाना क्षेत्र में गूलर के पास हरिद्वार से जोशीमठ जा रही यात्री बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 25 लोग घायल हुए हैं। घायलों को एम्स ऋषिकेश सहित अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान चलाया। घायलों को खाई से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी एम्स ऋषिकेश पहुंचे और भर्ती घायलों से मुलाकात की।
LIVE: AIIMS, ऋषिकेश में सड़क दुर्घटना के घायल यात्रियों का कुशलक्षेम जानते हुए https://t.co/2wHYvx2U4c
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) November 17, 2026
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अस्पताल में चिकित्सकों से घायलों की स्थिति और उपचार की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही न हो।
मुख्यमंत्री ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की और शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। प्रशासन की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में पूरी तरह जुटी हुई हैं।
मृतकों और घायलों के लिए मुआवजे का ऐलान
मुख्यमंत्री ने बस हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है। इसके तहत:
- मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी।
- गंभीर रूप से घायलों को 1 लाख रुपये दिए जाएंगे।
- सामान्य रूप से घायलों को 40 हजार रुपये तक की आर्थिक सहायता मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खंडेलवाल और देहरादून के आरटीओ को राहत राशि से संबंधित प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही घायलों को समुचित और बेहतर चिकित्सा उपचार उपलब्ध कराने को कहा है।
हादसे के कारणों की जांच के आदेश
मुख्यमंत्री ने दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच के आदेश दिए हैं। प्रशासन और संबंधित विभाग हादसे से जुड़े पहलुओं की जांच कर रहे हैं। फिलहाल घायलों का एम्स ऋषिकेश और अन्य अस्पतालों में उपचार जारी है।