
देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड एक बार फिर सुर्खियों में है। मामले में मुख्य आरोपी पुलकित आर्य के पिता और पूर्व दर्जाधारी मंत्री विनोद आर्य की ओर से हाल ही में की गई प्रेस वार्ता के बाद विवाद बढ़ गया है। अब अंकिता के माता-पिता ने विनोद आर्य का भी नार्को टेस्ट कराने, उनकी कॉल डिटेल की जांच करने और गिरफ्तारी की मांग उठाई है। उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होती, उनका धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा।
अंकिता के पिता ने आरोप लगाया कि बेटी की हत्या के बाद विनोद आर्य अपने बेटे पुलकित आर्य को बचाने के लिए लगातार दिल्ली जा रहे थे। उन्होंने कहा कि घटना के बाद ही उन्होंने पुलिस से विनोद आर्य की गिरफ्तारी की मांग की थी, लेकिन उस समय उनकी बात नहीं सुनी गई।
अंकिता के पिता का कहना है कि विनोद आर्य ने हरिद्वार में प्रेस वार्ता के दौरान उनकी बेटी को लेकर जिस तरह की बातें कहीं, उससे वे आहत हैं। उन्होंने कहा कि अब वह विनोद आर्य के खिलाफ भी अपनी मांगों को लेकर पीछे नहीं हटेंगे।
अंकिता के माता-पिता ने मौजूदा सीबीआई जांच के दौरान विनोद आर्य का नार्को टेस्ट कराने और उनकी कॉल डिटेल की जांच करने की मांग की है। उनका कहना है कि मामले की जांच में इन पहलुओं को भी शामिल किया जाना चाहिए।
दरअसल, दो दिन पहले विनोद आर्य ने हरिद्वार में प्रेस वार्ता की थी। इस दौरान उनके वकील अमित पुंडीर ने अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़ी कुछ कथित व्हाट्सऐप चैट सार्वजनिक की थीं।
विनोद आर्य ने दावा किया था कि सार्वजनिक की गई कथित चैट में उनके बेटे पुलकित आर्य का कहीं नाम नहीं है। उन्होंने मामले में किसी वीआईपी के शामिल होने की बात से भी इनकार किया था।
प्रेस वार्ता के दौरान विनोद आर्य ने अंकिता के माता-पिता पर ही अपनी बेटी को प्रताड़ित करने के आरोप लगाए थे। उनके इन बयानों के बाद अंकिता के माता-पिता और कांग्रेस ने आपत्ति जताई। इसके बाद मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया।
मंगलवार को देहरादून में ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) का सातवां राज्य सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमें संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा भी शामिल हुईं। अंकिता भंडारी के माता-पिता भी इस कार्यक्रम में पहुंचे थे।
इसी दौरान उन्होंने विनोद आर्य के हालिया बयानों पर नाराजगी जताते हुए उनके नार्को टेस्ट, कॉल डिटेल की जांच और गिरफ्तारी की मांग दोहराई। अंकिता के माता-पिता ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होती, उनका धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा।