Uttrakhandपिथौरागढ़

उत्तराखंड का 160 मीटर लंबा और 90 फीट गहरा ‘पाताल’, आस्था का उमड़ा सैलाब; 75 हजार श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

पिथौरागढ़। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में स्थित विश्व प्रसिद्ध पाताल भुवनेश्वर गुफा में इस वर्ष श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी है। गुफा में अब तक करीब 75 हजार श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। यह अब तक की सबसे बड़ी संख्या है, जिसने आस्था के क्षेत्र में नया रिकॉर्ड कायम किया है।

गंगोलीहाट से करीब 14 किलोमीटर दूर स्थित यह रहस्यमयी गुफा अपनी धार्मिक मान्यताओं और प्राकृतिक संरचना के लिए देशभर में प्रसिद्ध है। करीब 160 मीटर लंबी और 90 फीट गहरी इस चूना पत्थर की गुफा में संकरी सीढ़ियों और लोहे की जंजीरों के सहारे नीचे उतरना पड़ता है। मान्यता है कि यहां 33 कोटि देवी-देवताओं के दर्शन होते हैं।

पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, त्रेता युग में राजा ऋतुपर्ण ने सबसे पहले इस गुफा के दर्शन किए थे। वहीं, द्वापर युग में पांडवों ने यहां तपस्या की थी। कलियुग में आदि गुरु शंकराचार्य ने गुफा को पुनः खोजकर यहां पूजा-अर्चना की परंपरा शुरू कराई।

गुफा के भीतर भगवान शिव, गणेश, शेषनाग, केदारनाथ, बदरीनाथ और अमरनाथ से जुड़ी कई अद्भुत शिलाकृतियां मौजूद हैं। विज्ञान इन्हें लाखों वर्षों में पानी के रिसाव से बनी प्राकृतिक संरचनाएं मानता है, जबकि श्रद्धालुओं के लिए ये गहरी धार्मिक आस्था का केंद्र हैं।

ऑक्सीजन प्लांट की मंजूरी का इंतजार

गुफा में अगस्त से अक्टूबर के बीच ऑक्सीजन का स्तर कम होने के कारण करीब दो महीने तक दर्शन बंद रखने पड़ते हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए यहां ऑक्सीजन प्लांट लगाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है, लेकिन भारतीय पुरातत्व विभाग की मंजूरी का इंतजार है। यदि प्रस्ताव को स्वीकृति मिलती है तो आने वाले समय में श्रद्धालु सालभर गुफा के दर्शन कर सकेंगे।

पुजारी नीलम भंडारी के अनुसार, इस वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या 75 हजार के पार पहुंच चुकी है। बढ़ते पर्यटकों से स्थानीय होमस्टे, टैक्सी, दुकानदारों और गाइडों को भी रोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!