DehradunUttrakhand

UCC से नकल विरोधी कानून तक, धामी सरकार के कड़े फैसलों से बदली उत्तराखंड की पहचान

देहरादून: उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार ने पिछले पांच वर्षों के दौरान कई ऐसे महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं, जिनका असर प्रदेश की कानून व्यवस्था से लेकर प्रशासनिक व्यवस्था तक देखने को मिला है। समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने से लेकर भर्ती परीक्षाओं में नकल और पेपर लीक पर लगाम लगाने के लिए सख्त कानून बनाने तक सरकार ने कई बड़े कदम उठाए हैं। इन फैसलों के जरिए उत्तराखंड ने देश के दूसरे राज्यों के सामने एक नई मिसाल पेश करने का प्रयास किया है।

उत्तराखंड 27 जनवरी 2025 को समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना। इस कानून के जरिए विवाह, तलाक, उत्तराधिकार और लिव-इन रिलेशनशिप जैसे मामलों में सभी नागरिकों के लिए समान कानूनी प्रावधान किए गए। सरकार का उद्देश्य व्यक्तिगत और पारिवारिक मामलों में समानता तथा कानूनी एकरूपता स्थापित करना रहा है। उत्तराखंड के इस कदम के बाद देश के कई अन्य राज्यों में भी यूसीसी को लेकर गतिविधियां तेज हुई हैं। असम, गुजरात और मध्य प्रदेश में इससे संबंधित विधायी प्रक्रियाएं आगे बढ़ी हैं, जबकि उत्तर प्रदेश और हरियाणा की सरकारों ने भी इसे लागू करने की मंशा जाहिर की है।

धर्मांतरण और हिंसा करने वालों पर कड़ा प्रहार

प्रदेश में सामाजिक सौहार्द बनाए रखने और अवैध धर्मांतरण पर अंकुश लगाने के लिए धामी सरकार ने वर्ष 2022 में धर्मांतरण विरोधी कानून को और सख्त बनाया। इसमें बल प्रयोग, धोखाधड़ी, प्रलोभन, दबाव और अनुचित प्रभाव के जरिए धर्म परिवर्तन कराने के मामलों में कड़े प्रावधान किए गए।

वहीं, सार्वजनिक और निजी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने वाले उपद्रवियों की जवाबदेही तय करने के लिए वर्ष 2024 में उत्तराखंड लोक एवं निजी संपत्ति क्षति वसूली अधिनियम लागू किया गया। इसके तहत दंगों, बंद और हिंसक प्रदर्शनों में संपत्ति को हुए नुकसान की भरपाई जिम्मेदार लोगों से कराने का प्रावधान है। नुकसान का आकलन और मुआवजे की वसूली सुनिश्चित करने के लिए दावा अधिकरण गठित करने की व्यवस्था भी की गई है।

नकल माफिया के खिलाफ बनाया देश का सख्त कानून

सरकारी भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक और नकल की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सरकार ने वर्ष 2023 में सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया। इस कानून का उद्देश्य परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखना और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले संगठित गिरोहों पर लगाम लगाना है।

कानून के तहत दोषियों को आजीवन कारावास तक की सजा और 10 करोड़ रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा अवैध तरीके से अर्जित संपत्ति जब्त करने और दोषी अभ्यर्थियों को भर्ती परीक्षाओं से प्रतिबंधित करने जैसे प्रावधान भी शामिल हैं।

नए आपराधिक कानूनों के प्रशिक्षण के लिए मिलेंगे 25 लाख रुपये

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को संविधान एवं विधि दिवस के अवसर पर अभियोजन विभाग के लिए तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। नए आपराधिक कानूनों के प्रशिक्षण और जनजागरूकता कार्यक्रमों के संचालन के लिए विभाग को 25 लाख रुपये की अतिरिक्त धनराशि दी जाएगी। इसके साथ ही अभियोजन कार्यालयों के आधुनिकीकरण, कंप्यूटर सुविधाओं और सभी जिलों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए भी अतिरिक्त बजट उपलब्ध कराया जाएगा।

पुलिस लाइन में अभियोजन निदेशालय की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि पुराने औपनिवेशिक कानूनों के स्थान पर भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम लागू होना देश की न्यायिक व्यवस्था में ऐतिहासिक बदलाव है। इन कानूनों में पीड़ितों के अधिकारों, पारदर्शिता और समयबद्ध न्याय को प्राथमिकता दी गई है।

उन्होंने कहा कि नए कानूनों को प्रभावी तरीके से लागू करने के लिए अभियोजन विभाग, पुलिस और संबंधित अधिकारियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही आम लोगों को भी इन कानूनों के बारे में जागरूक किया जाएगा।

डिजिटल न्याय व्यवस्था को मिल रहा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में नए न्यायालय भवनों का निर्माण करने के साथ पुराने भवनों का भी आधुनिकीकरण किया जा रहा है। ई-फाइलिंग, डिजिटल कोर्ट और वर्चुअल सुनवाई जैसी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। इससे खासतौर पर दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को न्यायिक प्रक्रिया से जुड़ने में सहूलियत मिल रही है।

उन्होंने अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति को दोहराते हुए युवा अधिवक्ताओं के कौशल विकास, विधि शिक्षा में सुधार और महिला अधिवक्ताओं के लिए सुरक्षित कार्यस्थल उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता भी जताई।

मुख्यमंत्री ने दिलाई संविधान के प्रति कर्तव्यों की शपथ

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों को संविधान की शपथ दिलाई और ‘विधि रथ’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने ‘उत्तराखंड अभियोजन पत्रिका’ और ‘हमारा राज्य, हमारा कानून’ पुस्तिका का भी विमोचन किया।

समारोह में विधायक विनोद चमोली, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल, गृह सचिव शैलेश बगौली और निदेशक अभियोजन एपी अंशुमान सहित कई अधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!