DehradunNew Delhi

9 साल 10 महीने बाद सऊदी अरब से लौटीं घर की खुशियां, रोशन रतूड़ी ने इंद्रमणि नौटियाल की कराई वतन वापसी

देहरादून/नई दिल्ली: करीब एक दशक से सऊदी अरब में कानूनी मामले में फंसे उत्तराखंड के इंद्रमणि नौटियाल आखिरकार अपने वतन लौट आए हैं। अंतरराष्ट्रीय समाजसेवी रोशन रतूड़ी के प्रयासों से 9 साल 10 महीने बाद उनकी घर वापसी संभव हो सकी। गुरुवार रात जब रोशन रतूड़ी उन्हें लेकर दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचे तो स्वागत के लिए बड़ी संख्या में उत्तराखंड के लोग और उनके परिजन मौजूद रहे। लंबे इंतजार के बाद अपनों को सामने देखकर परिवार की आंखें खुशी से नम हो गईं।

16 दिन की कोशिशों से मिली बड़ी कामयाबी

इंद्रमणि नौटियाल की रिहाई के लिए रोशन रतूड़ी ने लगातार प्रयास किए। कानूनी प्रक्रिया और आर्थिक सहायता से जुड़े मामलों को आगे बढ़ाते हुए महज 16 दिनों में उनकी रिहाई का रास्ता साफ हुआ। भारत लौटने पर इंद्रमणि ने रोशन रतूड़ी को अपना देवदूत बताते हुए सभी सहयोगियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि अपने घर और परिवार के बीच लौटकर वह बेहद खुश हैं।

रोशन रतूड़ी ने कहा कि विदेश में किसी भी भारतीय के मुसीबत में फंसने पर उनकी मदद करना उनका प्रयास रहता है। उन्होंने इस पूरी मुहिम में सहयोग करने वाले देश और प्रदेश के लोगों का भी धन्यवाद किया।

2019 के सड़क हादसे ने बदल दी जिंदगी

उत्तरकाशी जिले के गोरसाड़ा गांव निवासी इंद्रमणि नौटियाल वर्ष 2018 में रोजगार की तलाश में सऊदी अरब गए थे। वहां वह ट्रक चलाने का काम करते थे। वर्ष 2019 में उनके ट्रक से एक कार का हादसा हो गया। इस दुर्घटना में पांच सऊदी नागरिकों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। इसके बाद मामला सऊदी अरब की अदालत पहुंचा और इंद्रमणि कानूनी कार्रवाई में फंस गए।

इंद्रमणि का दावा था कि जिस ट्रक को वह चला रहे थे, उसका बीमा नहीं था। उन्होंने इसकी जानकारी ट्रक मालिक को भी दी थी, लेकिन इसके बावजूद उन्हें वाहन चलाने के लिए भेजा गया। मामला अदालत में पहुंचने के बाद उन्हें जेल जाना पड़ा।

दो करोड़ से अधिक की राशि बनी रिहाई में बड़ी बाधा

अदालत ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों को मुआवजे के तौर पर 9 लाख सऊदी रियाल देने का आदेश दिया था। भारतीय मुद्रा में यह राशि करीब 2.32 करोड़ रुपये बैठती थी। इतनी बड़ी रकम जुटाना परिवार के लिए बेहद मुश्किल था। इंद्रमणि की बेटी दीपिका और अन्य परिजनों ने उनकी रिहाई के लिए शासन-प्रशासन से लेकर आम लोगों तक मदद की गुहार लगाई।

इसके बाद उत्तराखंड के अलग-अलग क्षेत्रों से लोगों ने आर्थिक सहयोग दिया। राज्य सरकार की ओर से भी दो लाख रुपये की सहायता दी गई। ग्रामीणों और अन्य सहयोगियों ने अपनी क्षमता के अनुसार योगदान दिया।

एयरपोर्ट पर भावुक हुआ परिवार, रोशन रतूड़ी का जताया आभार

लंबे इंतजार के बाद इंद्रमणि नौटियाल की वतन वापसी से परिवार और गांव में खुशी का माहौल है। दिल्ली एयरपोर्ट पर उनके स्वागत के लिए पहुंचे लोगों ने इस पूरे प्रयास के लिए रोशन रतूड़ी का आभार जताया। करीब 10 साल तक अपनों से दूर रहने के बाद इंद्रमणि की घर वापसी ने एक बार फिर साबित किया कि सामूहिक प्रयास और मानवीय संवेदनाएं बड़ी से बड़ी मुश्किल का रास्ता निकाल सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!