Dehradun

देहरादून में दशहरे पर जलेगा 181 फीट ऊंचा रावण, एंट्री रूट में भी बदलाव

देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में इस बार दशहरा पर्व खास होने जा रहा है। ऐतिहासिक परेड ग्राउंड में 181 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। इसके साथ ही 70-70 फीट ऊंचे कुंभकर्ण और मेघनाथ के पुतले भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। बन्नू बिरादरी की दशहरा कमेटी की ओर से आयोजन की तैयारियां पूरी की जा रही हैं। 20 अक्टूबर को होने वाले इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।

भव्य लंका के साथ निकलेगी शोभायात्रा

दशहरा कमेटी के प्रधान संतोख नागपाल के मुताबिक, इस बार रावण के पुतले की ऊंचाई बढ़ाकर 181 फीट की गई है। पिछले साल परेड ग्राउंड में 121 फीट ऊंचे रावण का दहन किया गया था। इस बार आयोजन को और भव्य बनाने के लिए लंका का विशेष स्वरूप भी तैयार किया गया है। शोभायात्रा की शुरुआत कालिका मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद होगी। इसके बाद यात्रा पलटन बाजार, मोती बाजार और चकराता रोड से गुजरते हुए परेड ग्राउंड पहुंचेगी।

भीड़ को देखते हुए बदला प्रवेश द्वार

दशहरा देखने के लिए हर साल परेड ग्राउंड में हजारों लोग जुटते हैं। भीड़ को नियंत्रित करने और व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस बार प्रवेश मार्ग में बदलाव किया गया है। शोभायात्रा अब दून क्लब के सामने से प्रवेश करने के बजाय तिब्बती मार्केट के गेट से मैदान में पहुंचेगी। सुरक्षा के मद्देनजर प्रत्येक गेट पर पुलिसकर्मियों के साथ दशहरा कमेटी के बाउंसर भी तैनात रहेंगे।

रिमोट से होगा रावण दहन

इस बार रावण दहन में तकनीक का इस्तेमाल भी देखने को मिलेगा। पुतले में लगाए गए आठ बम रिमोट के जरिए ब्लास्ट किए जाएंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री, मंत्री, मेयर और विधायक रिमोट का बटन दबाकर दहन प्रक्रिया शुरू करेंगे। पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए इको-फ्रेंडली पटाखों के इस्तेमाल की भी बात कही गई है।

आयोजन पर दशहरा कमेटी करीब 21 लाख रुपये खर्च कर रही है, जबकि पिछले साल लगभग 16 लाख रुपये खर्च हुए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!